Mehndi Stain Removal: करवा चौथ का त्योहार बीत चुका है. इस मौके पर कई महिलाओं ने हाथों में मेहंदी लगाई होगी. मेहंदी का गहरा रंग हाथों की खूबसूरती बढ़ा देता है, लेकिन कुछ दिन बाद जब इसका रंग हल्का होने लगता है, तो हाथों पर जगह-जगह निशान दिखने लगते हैं. ऐसे में कई महिलाएं चाहती हैं कि हाथों से मेहंदी के बचे हुए निशान भी साफ हो जाएं.
कई बार मेहंदी लगाते समय इसके दाग कपड़ों पर भी लग जाते हैं. ऐसे निशानों को साफ करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है. अगर आपके हाथों या कपड़ों पर भी मेहंदी के दाग रह गए हैं, तो कुछ आसान तरीकों को आजमा सकती हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में.
हाथों से मेहंदी के निशान कैसे हटाएं?
मेहंदी का रंग हाथों से एकदम साफ होने में कुछ दिन लग सकते हैं. हालांकि, कुछ आसान तरीकों से इसके निशानों को धीरे-धीरे कम किया जा सकता है.
1. गुनगुने पानी से धोएं हाथ
हाथों पर मेहंदी का रंग हल्का करने के लिए गुनगुने पानी का इस्तेमाल कर सकती हैं. इसके लिए एक बर्तन में हल्का गुनगुना पानी लें और कुछ देर हाथों को उसमें रखें. इसके बाद हाथों को धीरे-धीरे साफ करें. इससे मेहंदी की सूखी परत निकलने में आसानी हो सकती है. ध्यान रखें कि पानी बहुत गर्म न हो.
2. साबुन और पानी से करें सफाई
हाथों पर मेहंदी के हल्के निशान रह गए हैं, तो रोज नहाते समय साबुन और पानी से हाथ साफ कर सकती हैं. हाथों को आराम से धोएं और ज्यादा रगड़ने से बचें. धीरे-धीरे मेहंदी का रंग हल्का होने लगेगा.
3. हाथों पर लगाएं मॉइश्चराइजर
मेहंदी के निशान कम करने के लिए बार-बार हाथ धोने से त्वचा रूखी हो सकती है. इसलिए हर बार हाथ धोने के बाद मॉइश्चराइजर लगाएं. इससे हाथों की नमी बनी रहेगी और त्वचा मुलायम रहेगी.
कपड़ों से मेहंदी के दाग कैसे साफ करें?
मेहंदी लगाते समय कई बार इसके निशान कपड़ों पर भी पड़ जाते हैं. खासकर हाथ धोते समय या मेहंदी का रंग कपड़ों से छू जाने पर दाग लग सकते हैं. इन्हें साफ करते समय कपड़े और उसके रंग का ध्यान रखना जरूरी है.
1. ताजा दाग को तुरंत साफ करें
अगर कपड़े पर मेहंदी का ताजा दाग लग गया है, तो सबसे पहले साफ कपड़े या टिश्यू से उस जगह को हल्के हाथों से दबाएं. दाग को रगड़ने से बचें, क्योंकि इससे वह और फैल सकता है. इसके बाद कपड़े के दूसरी तरफ से ठंडा पानी डालकर दाग साफ करने की कोशिश करें.
2. लिक्विड डिटर्जेंट से करें सफाई
कपड़ों से मेहंदी का दाग हटाने के लिए लिक्विड डिटर्जेंट का इस्तेमाल कर सकती हैं. इसके लिए दाग वाली जगह पर थोड़ा सा डिटर्जेंट लगाएं और कुछ मिनट के लिए छोड़ दें. फिर कपड़े के हिसाब से उसे पानी से धो लें. इससे दाग हल्का करने में मदद मिल सकती है.
मेहंदी के दाग साफ करते समय इन बातों का रखें ध्यान
हाथों और कपड़ों से मेहंदी के निशान हटाने की कोशिश करते समय कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है.
- हाथों से मेहंदी हटाते समय त्वचा को जोर से न रगड़ें.
- हाथों पर ब्लीच या किसी तेज क्लीनर का इस्तेमाल न करें.
- बार-बार हाथ धोने के बाद मॉइश्चराइजर जरूर लगाएं.
- कपड़ों पर कोई भी क्लीनर लगाने से पहले एक छोटी जगह पर लगाकर देख लें.
- मेहंदी के दाग साफ करने के लिए गर्म पानी का इस्तेमाल न करें.
यह भी पढ़ें: बार-बार धोने पर भी साफ नहीं हो रहा किचन टॉवल? आजमाएं ये 5 आसान हैक्स
The post हाथों और कपड़ों पर लग गए हैं मेहंदी के दाग ? इन तरीकों से करें झटपट साफ appeared first on Prabhat Khabar.

