Water Tank Insulation: सर्दियों का मौसम आते ही सुबह नहाने और दूसरे कामों के लिए ठंडा पानी इस्तेमाल करना किसी चुनौती से कम नहीं लगता. खासकर छत पर रखी पानी की टंकी का पानी रातभर की ठंड के कारण काफी ठंडा हो जाता है. ऐसे में कई बार नहाने से पहले पानी गर्म करना पड़ता है.

लेकिन अगर आप चाहते हैं कि सर्दियों में टंकी का पानी थोड़ा गुनगुना रहे, तो इसके लिए एक आसान तरीका अपना सकते हैं. इसमें आपको टंकी बदलने या किसी महंगे उपकरण पर पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं होगी.

टंकी को ठंड से बचाने के लिए करें यह काम

सर्दियों में पानी की टंकी को ठंड से बचाने का एक आसान तरीका है उसे इंसुलेट करना. इसके लिए आप टंकी के चारों तरफ थर्मल इंसुलेशन शीट या फोम शीट (Water Tank Insulation) लगा सकते हैं. ये शीट टंकी के अंदर मौजूद पानी का तापमान जल्दी गिरने से रोकने में मदद करती हैं.

बाजार में अलग-अलग मोटाई की इंसुलेशन शीट आसानी से मिल जाती हैं. ध्यान रखें कि शीट को टंकी के चारों तरफ अच्छी तरह फिट करें, ताकि ठंडी हवा सीधे टंकी की सतह तक न पहुंचे. इसके अलावा टंकी के ढक्कन को भी ठीक से बंद रखें.

पुरानी बोरी और फोम भी आ सकते हैं काम

अगर आप ज्यादा पैसे खर्च नहीं करना चाहते, तो पुरानी मोटी बोरी या फोम शीट का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. टंकी के बाहरी हिस्से पर इन्हें इस तरह लगाएं कि पूरा हिस्सा ढका रहे. हालांकि, ध्यान रखें कि बोरी या फोम में नमी जमा न होने पाए.

गीली सामग्री टंकी के आसपास फंगस और गंदगी की वजह बन सकती है. टंकी को ढकने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री साफ और सूखी होनी चाहिए. साथ ही टंकी के ढक्कन, पाइप और ओवरफ्लो के रास्ते को बिल्कुल न ढकें.

टंकी रखने की जगह पर भी दें ध्यान

अगर आपके घर में पानी की टंकी रखने की जगह चुनने का विकल्प है, तो ऐसी जगह चुनें जहां दिन में अच्छी धूप आती हो और ठंडी हवा का सीधा असर कम पड़ता हो. धूप मिलने से दिन के समय टंकी का पानी कुछ गर्म हो सकता है.

इन बातों का रखें खास ध्यान

टंकी के पानी को गर्म रखने के लिए उसमें सीधे कोई हीटिंग रॉड, इलेक्ट्रिक हीटर या अन्य बिजली का उपकरण न डालें. इससे करंट लगने और आग लगने का खतरा हो सकता है. इसके अलावा टंकी में पानी जमा होने की स्थिति और उसकी सफाई का भी ध्यान रखें.

यह भी पढ़ें: नीम, लौंग और मुलेठी से घर पर बनाएं हर्बल दंत मंजन, जानें आसान तरीका

The post सर्दियों में बर्फ जैसा ठंडा नहीं होगा टंकी का पानी, अपनाएं ये आसान और सस्ते जुगाड़ appeared first on Prabhat Khabar.