दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की फॉरेनर सेल और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने वीजा नियमों को तोड़कर भारत में अवैध रूप से रह रहे तीन बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है. पुलिस ने ये कार्रवाई पहाड़गंज के शोराकोठी स्थित होटल सुदर्शन पैलेस में चलाए गए एक विशेष सत्यापन अभियान के दौरान की.
पुलिस के मुताबिक , पकड़े गए आरोपियों की पहचान साला उद्दीन (53), शौकत अली (40) और कमरुल हसन (25) के रूप में हुई है. जांच में सामने आया कि तीनों नागरिक बीते 6 अक्टूबर को डबल एंट्री वीजा पर भारत आए थे. इनके वीजा की वैधता केवल 15 दिनों की थी, लेकिन तय समय खत्म होने के बावजूद तीनों अवैध रूप से दिल्ली में रुके हुए थे.
तीनों बांग्लादेशी नागरिकों का कराया गया है ब्लड टेस्ट
जांच के दौरान जब इनके कागजात सही नहीं पाए गए, तो पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया. इसके बाद तीनों का मेडिकल टेस्ट कराया गया और उन्हें विदेशी पंजीकरण कार्यालय (FRRO) के सामने पेश किया गया. वीजा नियमों को तोड़ने के कारण कार्यालय ने इन पर पाबंदी के आदेश जारी कर दिए हैं. जब तक इन्हें वापस इनके देश नहीं भेजा जाता, तब तक तीनों को दिल्ली के सेवा धाम डिटेंशन सेंटर में रखा गया है.
अगस्त में 11 बांग्लादेशी पकड़े गए थे
अगस्त महीने में दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट टीम (AATS) ने ‘ऑपरेशन विस्टा 1.0’ के तहत जांच अभियान चलाकर 11 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा था. ये सभी अपने डबल एंट्री वीजा के नियमों को तोड़कर भारत में रह रहे थे. जांच में सामने आया था कि इन्हें एक बार में सिर्फ 15 दिन रुकने की इजाजत थी, लेकिन ये तय समय से ज्यादा दिनों तक रुके रहे.
पुलिस ने होटलों और गेस्ट हाउसों में छापेमारी कर यह कार्रवाई की. इनके पास से 11 पासपोर्ट, 11 वीजा और 14 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं. विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) ने इन सभी के खिलाफ प्रतिबंध आदेश जारी कर दिया है और देश वापस भेजे जाने तक इन्हें ‘सेवा धाम डिटेंशन सेंटर’ में रखा गया था. इससे पहले, 3-4 अगस्त 2026 की रात पहाड़गंज इलाके में गश्त के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी दिल्ली में अवैध रूप से छिपकर रह रहे हैं.

