Flaxseed Aloe Vera Face Gel: चेहरे की देखभाल के लिए हम अक्सर महंगे फेस जेल और मॉइस्चराइजर खरीदते हैं. लेकिन कई बार घर में मौजूद चीजों से भी स्किन केयर के लिए अच्छा विकल्प तैयार किया जा सकता है. अलसी और एलोवेरा ऐसी ही दो चीजें हैं, जिनका इस्तेमाल त्वचा की देखभाल में किया जाता है.

अलसी में मौजूद म्यूसिलेज (जेल जैसा पदार्थ) त्वचा को नमी देने में मदद कर सकता है. वहीं, एलोवेरा त्वचा को ठंडक पहुंचाने और उसे हाइड्रेट रखने के लिए जाना जाता है. अगर आप भी कुछ नया ट्राई करना चाहती हैं, तो घर पर इन दोनों चीजों की मदद से फेस जेल बना सकती हैं.

Flaxseed Aloe Vera Face Gel: फेस जेल बनाने के लिए सामग्री

  • 2 बड़े चम्मच अलसी के बीज
  • 1 कप पानी
  • 2 बड़े चम्मच शुद्ध एलोवेरा जेल

कैसे तैयार करें अलसी और एलोवेरा फेस जेल?

  • सबसे पहले एक छोटे पैन में एक कप पानी डालें.
  • अब इसमें अलसी के बीज मिलाकर धीमी आंच पर गर्म करें.
  • इसे लगातार चलाते रहें, ताकि बीज बर्तन के तले में चिपकें नहीं.
  • कुछ देर बाद पानी गाढ़ा होने लगेगा और उसमें जेल जैसी बनावट आने लगेगी.
  • जब मिश्रण थोड़ा गाढ़ा हो जाए, तो गैस बंद कर दें. इसे हल्का ठंडा होने दें.
  • अब एक साफ सूती कपड़े या बारीक छन्नी की मदद से अलसी के बीज अलग कर लें.
  • ध्यान रखें कि मिश्रण पूरी तरह ठंडा होने से पहले ही उसे छान लें, क्योंकि ठंडा होने पर यह और गाढ़ा हो सकता है.
  • इसके बाद तैयार अलसी के जेल में दो चम्मच एलोवेरा जेल मिलाएं.
  • दोनों चीजों को अच्छी तरह फेंट लें, ताकि एक स्मूद मिश्रण तैयार हो जाए.

चेहरे पर कैसे लगाएं यह फेस जेल?

सबसे पहले अपने चेहरे को किसी हल्के फेस वॉश से साफ कर लें. इसके बाद थोड़ी मात्रा में तैयार जेल लेकर चेहरे और गर्दन पर लगाएं. इसे हल्के हाथों से फैलाएं और सूखने दें. अगर त्वचा पर चिपचिपाहट महसूस हो, तो कुछ देर बाद सादे पानी से चेहरा धो सकती हैं.

इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान

इस फेस जेल (Flaxseed Aloe Vera Face Gel) को बनाने में ताजी सामग्री का इस्तेमाल करें. इसमें कोई प्रिजर्वेटिव नहीं है, इसलिए इसे लंबे समय तक स्टोर करके न रखें. साफ, एयरटाइट कंटेनर में भरकर फ्रिज में रखें और बेहतर होगा कि 2-3 दिनों के भीतर इस्तेमाल कर लें.

अगर जेल के रंग, गंध या बनावट में बदलाव आए, तो इसे फेंक दें. पहली बार इस्तेमाल करने से पहले हाथ के अंदरूनी हिस्से पर थोड़ा जेल लगाकर पैच टेस्ट जरूर करें. अगर खुजली, जलन या लालिमा हो, तो इसका इस्तेमाल न करें.

यह भी पढ़ें: अपराजिता के फूलों से घर पर बनाएं होममैड नाइट क्रीम, स्किन रहेगी मुलायम और फ्रेश

The post अलसी और एलोवेरा से बनाएं नेचुरल फेस जेल, घर पर ऐसे करें तैयार appeared first on Prabhat Khabar.