उत्तराखंड के बागेश्वर में शुक्रवार (20 नवंबर 2026) को कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बीच माला पहनाने को लेकर हुई खींचतान का वीडियो सामने आया है. जिसको लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर तंज करते हुए कहा कि कांग्रेस की एकता की पोल खुल गई.

सोशल मीडिया पर कार्यक्रम का वीडियो शेयर करते हुए बीजेपी ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा ‘मोहब्बत की दुकान का असली नजारा मंच पर दिख ही गया!. बागेश्वर, उत्तराखंड में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बीच माला पहनने को लेकर ऐसी खींचतान मची कि कांग्रेस की एकता के दावों की पूरी पोल खुल गई. पीछे कुमारी शैलजा जो हंसी, उसने कांग्रेस की और भद्द पिटवा दी.जिनसे अपनी पार्टी नहीं संभल रही, उस पार्टी के शहजादे देश चलाने के सपने देख रहे हैं! गजबे हाल है…’.

मोहब्बत की दुकान का असली नजारा मंच पर दिख ही गया!

बागेश्वर, उत्तराखंड में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बीच माला पहनने को लेकर ऐसी खींचतान मची कि कांग्रेस की एकता के दावों की पूरी पोल खुल गई। पीछे कुमारी शैलजा जो हंसी, उसने कांग्रेस की और भद्द पिटवा दी। 😂

जिनसे अपनी पार्टी नहीं संभल रही, उस पार्टी के शहजादे देश चलाने के सपने देख रहे हैं! गजबे हाल है…🤭

— BJP (@BJP4India) November 20, 2026

उत्तराखंड बीजेपी ने ली चुटकी

वहीं इस पूरी घटना पर उत्तराखंड बीजेपी ने चुटकी ली है. सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए पार्टी ने कहा ‘क्या हो गया यशपाल आर्य जी, माला पहन लेते आप’ हरीश रावत जी ने तो आपको सिर्फ माला पहनाने का प्रयास ही किया था’ इतना नाराज होने की क्या जरूरत थी’

इसके आगे बीजेपी ने कहा ‘ऐसा लगता है कि आपके मन में कोई पुराना घाव है. इसलिए आप हरीश रावत जी से माला पहनना नहीं चाहते थे.जरा बताइए…आपकी इन हरकतों की वजह से आपकी पार्टी की प्रभारी कुमारी शैलजा जी को जबरदस्ती हंसने का नाटक करना पड़ा. खैर…आप लोगों के यहां तो ये रोज का मामला है’.

क्या हो गया यशपाल आर्य जी, माला पहन लेते आप। हरीश रावत जी ने तो आपको सिर्फ माला पहनाने का प्रयास ही किया था। इतना नाराज होने की क्या जरूरत थी।

ऐसा लगता है कि आपके मन में कोई पुराना घाव है। इसलिए आप हरीश रावत जी से माला पहनना नहीं चाहते थे।

जरा बताइए…आपकी इन हरकतों की वजह से आपकी पार्टी की प्रभारी कुमारी शैलजा जी को जबरदस्ती हंसने का नाटक करना पड़ा।

खैर…आप लोगों के यहां तो ये रोज का मामला है।

— BJP Uttarakhand (@BJP4UK) November 20, 2026

माला को लेकर खींचतान

दरअसल शुक्रवार को बागेश्वर में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नेता हरीश रावत और यशपाल आर्य के बीच फूलों की माला को लेकर एक अजीब स्थिति बन गई. कार्यक्रम में स्वागत के दौरान माला पहनाने को लेकर दोनों नेताओं में विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों नेताओं के बीच असहमति मंच पर साफ दिखने लगी.

कुमारी शैलजा की प्रतिक्रिया ने खींचा ध्यान

इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद, वहां मौजूद उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा की प्रतिक्रिया ने भी सबका ध्यान खींचा. यह घटना तब हुई जब कुमारी शैलजा बागेश्वर के दौरे पर थीं. वहां हरीश रावत और यशपाल आर्य के बीच इस बात को लेकर थोड़ी खींचतान हुई कि पहले किसे माला पहनाई जाए. पार्टी कार्यकर्ताओं के सामने हुई इस घटना को कैमरे में भी कैद कर लिया गया, जिसमें दोनों नेता बार-बार एक-दूसरे से माला स्वीकार करने का आग्रह करते दिखे.

क्या है पूरा मामला

शुरुआत में हरीश रावत, यशपाल आर्य को सम्मानित करने के लिए फूलों की माला लेकर आगे बढ़े. लेकिन आर्य ने उन्हें रोक दिया, उनके हाथ से माला ले ली और खुद रावत को माला पहनाने की कोशिश की. रावत ने मना कर दिया और इशारा किया कि पहले आर्य को सम्मानित किया जाना चाहिए. इस दौरान दोनों ने माला को पकड़ रखा था, जिससे थोड़ी देर के लिए खींचतान जैसी स्थिति बन गई.

आखिरकार रावत मान गए और उन्होंने आर्य को माला पहनाने दी. लेकिन जब रावत ने जवाब में दूसरी माला उठाई, तो आर्य ने उसे उनके हाथ से लेकर स्वीकार करने के बजाय एक मेज पर रख दिया. इसके बाद रावत हाथ जोड़े खड़े दिखाई दिए.

घटनाक्रम को देखकर मुस्कुराईं कुमारी शैलजा

वहीं पास ही बैठीं कुमारी शैलजा इस पूरे घटनाक्रम को देखकर मुस्कुराती नजर आईं और उन्होंने अपना हाथ अपने माथे पर रख लिया था. दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच हुई इस बातचीत और घटना के साथ-साथ, शैलजा की प्रतिक्रिया भी चर्चा का विषय बन गई.

यह घटना कुमारी शैलजा के छह दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान हुई है, जो 22 नवंबर तक चलेगा. वह कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों के विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रही हैं. इसका उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर चर्चा करना है.