दुनिया
पेरू के एंडीज पर्वत में 6.7 तीव्रता का भूकंप:राजधानी लीमा तक महसूस हुए झटके; फिलहाल जान-माल के नुकसान की खबर नहीं
दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में शुक्रवार रात 6.7 तीव्रता का भूकंप आया। इसके झटके राजधानी लीमा तक महसूस किए गए। इससे पहले भूकंप की तीव्रता 6.9 बताई गई थी। डर के चलते लोग घरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए। हालांकि, अब तक किसी की मौत या घायल होने और इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समय के अनुसार शुक्रवार शाम 7:09 बजे आया। इसका केंद्र जुनिन शहर से 34 किलोमीटर उत्तर में एंडीज पर्वत क्षेत्र में जमीन से 108 किलोमीटर नीचे था। भूकंप से जुड़ी 4 तस्वीरें… पेरू में पहले भी आ चुके हैं तेज भूकंप पेरू प्रशांत महासागर के आसपास फैले 'रिंग ऑफ फायर' क्षेत्र में आता है। यह करीब 40 हजार किलोमीटर लंबा ज्वालामुखियों और भूगर्भीय दरारों का इलाका है। दुनिया के ज्यादातर भूकंप इसी क्षेत्र में आते हैं। इससे पहले अगस्त में पेरू के एंडीज क्षेत्र में 6.7 तीव्रता का भूकंप आया था। इसमें दो लोग घायल हुए थे। कई घरों, स्वास्थ्य केंद्रों और स्कूलों को नुकसान पहुंचा था। वहीं, जुलाई में जुनिन इलाके में 5.5 तीव्रता का भूकंप आया था। इसमें 6 लोगों की मौत हुई थी और 30 लोग घायल हुए थे। पेरू में बार-बार भूकंप क्यों आते हैं पेरू में बार-बार भूकंप आने की बड़ी वजह उसकी जमीन के नीचे होने वाली हलचल है। यह देश प्रशांत महासागर के किनारे मौजूद 'रिंग ऑफ फायर' में आता है। यह करीब 40 हजार किलोमीटर लंबा इलाका है, जो प्रशांत महासागर के चारों ओर फैला है। यहां कई टेक्टोनिक प्लेटें एक-दूसरे से टकराती हैं। दुनिया में सबसे ज्यादा भूकंप इसी इलाके में आते हैं। पेरू के पास जमीन के नीचे दो बड़ी प्लेटें हैं। पहली नाज्का प्लेट है, जो प्रशांत महासागर के नीचे मौजूद है। दूसरी दक्षिण अमेरिकी प्लेट है, जिस पर पेरू बसा हुआ है। नाज्का प्लेट लगातार दक्षिण अमेरिकी प्लेट के नीचे खिसक रही है। इस प्रक्रिया को 'सबडक्शन' कहते हैं। जब एक प्लेट दूसरी के नीचे जाती है तो जमीन के अंदर दबाव बनता है। यह दबाव जब अचानक बाहर निकलता है तो भूकंप आता है। दोनों प्लेटों के टकराने से जमीन में लगातार बदलाव होता रहता है। इसी हलचल से एंडीज पर्वत श्रृंखला बनी है। यह दुनिया की सबसे लंबी पर्वत श्रृंखलाओं में से एक है। इस इलाके में प्लेटों की हलचल जारी रहने के कारण भूकंप आते रहते हैं। ---------------------------- यह खबर भी पढ़ें… अमेरिका में भारतीय नागरिक को 19 साल सजा:निखिल गुप्ता खालिस्तानी आतंकी पन्नू की हत्या की साजिश में दोषी, कोर्ट में पन्नू से माफी मांगी अमेरिका की एक अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में 19 साल 7 महीने जेल की सजा सुनाई है। पूरी खबर यहां पढ़ें…
यह सामग्री Dainik Bhaskar - World ने प्रकाशित की है; IB9TV ने इसे न लिखा है, न संपादित किया है। मूल ख़बर देखें
