Nahay Khay Vidhi: छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है. यह पर्व सिर्फ भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा का ही नहीं, बल्कि स्वच्छता, शुद्धता और अनुशासन का भी प्रतीक है. चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व के पहले दिन व्रती स्नान करके घर और रसोई की साफ-सफाई करते हैं. इसके बाद पूरी श्रद्धा और नियमों के साथ सात्विक भोजन तैयार किया जाता है.

नहाय-खाय के दिन बनने वाले कद्दू-भात का विशेष महत्व होता है. अगर आप भी छठ पूजा कर रहे हैं या इस पर्व की परंपराओं के बारे में जानना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं नहाय-खाय की विधि और इस दिन बनने वाले खास भोजन के बारे में. 

कब होता है नहाय-खाय?

छठ पूजा चार दिनों तक मनाई जाती है. इसकी शुरुआत कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को नहाय-खाय से होती है. इस दिन से ही व्रती छठ के नियमों का पालन करना शुरू कर देते हैं. नहाय-खाय के बाद दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन संध्या अर्घ्य और चौथे दिन उषा अर्घ्य दिया जाता है. इस तरह नहाय-खाय चार दिवसीय छठ महापर्व का पहला पड़ाव होता है. 

Nahay Khay Vidhi: नहाय-खाय की क्या है विधि?

नहाय-खाय के दिन सुबह जल्दी उठकर व्रती स्नान करते हैं. परंपरा के अनुसार, कई लोग नदी या तालाब में स्नान करते हैं. वहीं, जो लोग जलाशय तक नहीं जा पाते, वे घर पर ही स्नान करके पूजा की तैयारी करते हैं. इसके बाद पूरे घर, आंगन और रसोई की अच्छी तरह साफ-सफाई की जाती है. 

इस दिन शुद्धता का खास ध्यान रखा जाता है. भोजन बनाने के लिए साफ बर्तनों और चूल्हे का इस्तेमाल किया जाता है. कई घरों में छठ का खाना मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी जलाकर बनाया जाता है. हालांकि, यह परंपरा हर परिवार में एक जैसी नहीं होती. स्नान और साफ-सफाई के बाद व्रती छठ व्रत का संकल्प लेते हैं और सात्विक भोजन तैयार करते हैं. 

नहाय-खाय में क्या बनता है भोजन?

नहाय-खाय के दिन सबसे खास होता है कद्दू-भात. इसे कई जगह लौकी-भात (Nahay Khay Vidhi) भी कहा जाता है. इस भोजन में मुख्य रूप से तीन चीजें बनाई जाती हैं. 

  • कद्दू या लौकी की सब्जी: इसे घी, सेंधा नमक और हल्के मसालों के साथ बनाया जाता है. इसमें प्याज और लहसुन का इस्तेमाल नहीं किया जाता. 
  • चना दाल: कद्दू-भात के साथ चने की दाल बनाई जाती है. इसे भी सात्विक तरीके से तैयार किया जाता है. 
  • अरवा चावल का भात: इस दिन आमतौर पर अरवा चावल यानी बिना उबाले हुए चावल का भात बनाया जाता है. 

भोजन तैयार होने के बाद परंपरा के अनुसार सूर्य देव को भोग लगाया जाता है. इसके बाद व्रती भोजन ग्रहण करते हैं और फिर परिवार के दूसरे सदस्य भी इसे प्रसाद के रूप में खाते हैं. 

नहाय-खाय के दिन इन बातों का रखें ध्यान

नहाय-खाय से ही घर में खानपान की शुद्धता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है. व्रती आमतौर पर दिन में एक बार सात्विक भोजन करते हैं. हालांकि, खानपान और पूजा से जुड़े कुछ नियम परिवार और क्षेत्र की परंपरा के अनुसार अलग हो सकते हैं. 

यह भी पढ़ें: छठ व्रत में इन बातों का रखें खास ध्यान, भूलकर भी न करें ये गलतियां

The post कल नहाय-खाय से शुरू होगा छठ महापर्व, जानें पूजा की विधि और कद्दू-भात का महत्व appeared first on Prabhat Khabar.