Bee Hive Prevention Tips: घर की बालकनी, छत या खिड़की के आसपास मधुमक्खियों का आना-जाना तो आपने भी देखा होगा. शुरुआत में एक-दो मधुमक्खियां दिखाई देती हैं, लेकिन धीरे-धीरे उनकी संख्या बढ़ने लगती है. कई बार ये किसी कोने, दीवार की दरार, छज्जे या पेड़ की शाखा पर छत्ता बनाना शुरू कर देती हैं.

ऐसे में घर के बच्चों और बुजुर्गों को लेकर चिंता बढ़ जाती है. ऐसे में कुछ सावधानियां रखकर घर के आसपास मधुमक्खियों के छत्ता बनाने की संभावना कम (Bee Hive Prevention Tips) की जा सकती है. आइए जानते हैं.

घर में मधुमक्खियों का छत्ता बनने से कैसे रोकें?

1. घर के कोनों और दरारों को बंद रखें

घर की दीवारों, छत और खिड़कियों के आसपास छोटी-छोटी दरारें या खाली जगह हैं, तो उनकी मरम्मत करवाएं. ऐसी जगहों पर मधुमक्खियां छत्ता बनाने के लिए जगह तलाश सकती हैं. हालांकि, किसी दरार को बंद करने से पहले यह जरूर देख लें कि उसमें पहले से मधुमक्खियों का छत्ता तो नहीं है.

2. बालकनी और छत की सफाई रखें

बालकनी और छत पर लंबे समय तक बेकार सामान, पुराने डिब्बे या कबाड़ जमा न होने दें. समय-समय पर इन जगहों की सफाई करते रहें. इससे घर के आसपास अनदेखे कोनों में छत्ता बनने की संभावना कम हो सकती है.

3. मीठी चीजें खुली न छोड़ें

मधुमक्खियां फूलों के रस और मीठे पदार्थों की ओर आकर्षित होती हैं. इसलिए बालकनी या छत पर जूस, शरबत, मीठा खाना या शहद (Bee Hive Prevention Tips) खुला न छोड़ें. कूड़ेदान को भी ढककर रखें और उसमें जमा मीठे खाद्य पदार्थों के अवशेषों की नियमित सफाई करें.

4. खिड़कियों पर लगवाएं जाली

अगर घर की खिड़कियों और वेंटिलेशन वाली जगहों पर मधुमक्खियां बार-बार आती हैं, तो वहां बारीक जाली लगवा सकते हैं. इससे मधुमक्खियों का घर के अंदर आना कम होगा.

मधुमक्खियां घर में छत्ता क्यों बनाती हैं?

मधुमक्खियां ऐसी जगह तलाशती हैं, जहां उन्हें सुरक्षा मिले और उनका छत्ता आसानी से सुरक्षित रह सके. घर की छत के कोने, खाली जगह, दीवार की दरारें, बालकनी और पुराने पेड़ों की शाखाएं इनके लिए अनुकूल हो सकती हैं.

अगर किसी जगह पर उन्हें बार-बार आने-जाने की सुविधा मिलती है और वहां कोई परेशानी नहीं होती, तो वे उस जगह पर छत्ता बना सकती हैं.

यह भी पढ़ें: डस्टबिन खाली करने के बाद भी आती है बदबू? आजमाएं ये ट्रिक्स

The post घर में मधुमक्खियां नहीं बनाएंगी छत्ता, बस अपनाएं ये आसान तरीके appeared first on Prabhat Khabar.