स्वच्छता सर्वेक्षण में किसी शहर की रैंकिंग सिर्फ इस बात से तय नहीं होती कि वहां सड़कें कितनी साफ हैं या कूड़ा कितनी जल्दी उठता है. इसमें कचरे को अलग-अलग जमा करने, उसके निपटारे, सार्वजनिक शौचालयों, गंदे पानी की सफाई, सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा और लोगों की राय जैसे कई पहलुओं को देखा जाता है. यह सर्वे केंद्र सरकार के आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय की ओर से कराया जाता है.
कैसे तैयार होती है रैंकिंग?
2025-26 के सर्वेक्षण में देश के 4,751 शहरों को शामिल किया गया. 3,000 से ज्यादा जांचकर्ताओं ने शहरों में जाकर सफाई व्यवस्था देखी. इस बार 10 क्षेत्रों के 43 मानकों और 176 छोटे बिंदुओं पर जांच हुई. कुल 12,500 अंकों में से 10,500 अंक जमीन पर सफाई और लोगों की प्रतिक्रिया के लिए रखे गए. बाकी 2,000 अंक खुले में शौच से मुक्ति और कचरा-मुक्त शहर के प्रमाणपत्रों के लिए थे. जांच में जीपीएस और डिजिटल रिकॉर्ड का भी इस्तेमाल किया गया. इस बार 2.70 करोड़ लोगों ने अपनी राय दी.
इंदौर की रैंकिंग को क्या हुआ?
इंदौर 2017 से 2023 तक लगातार देश का सबसे स्वच्छ शहर रहा. 2024-25 में सरकार ने ‘सुपर स्वच्छ लीग’ नाम से अलग श्रेणी बनाई. इसमें उन शहरों को रखा गया, जो पहले लगातार अच्छा प्रदर्शन कर चुके थे. इस लीग में इंदौर पहले, सूरत दूसरे और नवी मुंबई तीसरे स्थान पर था. लेकिन 2025-26 में इस लीग में नवी मुंबई पहले, सूरत दूसरे और विजयवाड़ा तीसरे स्थान पर पहुंच गए.
इंदौर इस बार टॉप-3 में नहीं रहा. हालांकि, सिर्फ इससे यह साबित नहीं होता कि इंदौर में सफाई का स्तर गिर गया है. सरकार ने इंदौर को मध्य प्रदेश के देपालपुर का मेंटर शहर भी बनाया है, ताकि वह वहां सफाई व्यवस्था सुधारने में मदद कर सके. इंदौर और उसके मेंटर शहर देपालपुर की जोड़ी को 25 हजार से कम आबादी वाली श्रेणी में देश में दूसरा स्थान मिला है. अहमदाबाद को मेंटर सिटी कैटेगरी में पहला और तिरुपति को तीसरा स्थान मिला. स्वच्छ शहर जोड़ी पहल के तहत इन्हें साणंद और कुप्पम का मेंटर सिटी बनाया गया था.
नवी मुंबई ने क्या किया?
नवी मुंबई 2024-25 में सुपर स्वच्छ लीग में तीसरे स्थान पर था. अब वह पहले स्थान पर पहुंच गया है. शहर में कचरा प्रबंधन के नियमों का सख्ती से पालन कराया गया. सड़कों और स्काईवॉक की नियमित सफाई, भीड़भाड़ वाली जगहों पर विशेष ध्यान और स्वच्छता ऐप के जरिए लोगों की शिकायतों पर कार्रवाई की गई. इस तरह नवी मुंबई ने पिछले साल के मुकाबले दो स्थान की छलांग लगाई. इसलिए इंदौर की रैंकिंग में बदलाव को सीधे सफाई में गिरावट मानना सही नहीं होगा. सर्वे के नियम, अलग श्रेणियां और दूसरे शहरों का प्रदर्शन भी नतीजों को प्रभावित करते हैं.
यह भी पढ़ें: फिरोज में थीं कमियां…इंदिरा के निजी जीवन पर सोनिया की बुक में खुलासे

