How to Stay Energetic During Chhath Fast: छठ पूजा में व्रती सिर्फ एक दिन नहीं, बल्कि लगातार कई दिनों तक कठिन नियमों का पालन करते हैं. खासकर खरना के बाद शुरू होने वाला 36 घंटे का निर्जला व्रत काफी चुनौतीपूर्ण होता है. इस दौरान न कुछ खाया जाता है और न ही पानी पिया जाता है. ऐसे में शरीर में थकान, सिरदर्द, चक्कर और कमजोरी महसूस होना आम बात है.
कई बार घर के काम और पूजा की तैयारियों के बीच व्रती अपनी सेहत पर ध्यान देना भी भूल जाते हैं. अगर आप भी इस बार छठ का व्रत रख रहे हैं, तो कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर शरीर को बेहतर तरीके से तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे.
खरना के बाद शरीर को कैसे रखें एनर्जेटिक?
खरना के दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को पूजा करते हैं और गुड़ की खीर, रोटी जैसे प्रसाद ग्रहण करते हैं. इसके बाद ही निर्जला व्रत शुरू होता है. इसलिए खरना के समय खानपान पर ध्यान देना जरूरी है.
1. खरना में संतुलित मात्रा में खाएं (Chhath Puja health tips)
खरना का प्रसाद श्रद्धा के साथ ग्रहण करें, लेकिन एक बार में बहुत ज्यादा खाने से बचें. गुड़ की खीर और रोटी के साथ ऐसा भोजन लें, जिससे पेट ज्यादा भारी न हो. बहुत तला-भुना या मसालेदार खाना खाने से प्यास और बेचैनी बढ़ सकती है.
2. व्रत शुरू होने से पहले पर्याप्त पानी पिएं
निर्जला व्रत शुरू होने से पहले शरीर को हाइड्रेट रखना जरूरी है. खरना से पहले दिनभर पर्याप्त पानी पिएं. एक साथ बहुत सारा पानी पीने के बजाय थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पानी लेते रहें.
3. ज्यादा भागदौड़ करने से बचें
छठ के दौरान घर की साफ-सफाई, प्रसाद बनाने और पूजा की तैयारियों में काफी मेहनत करनी पड़ती है. ऐसे में व्रती को कोशिश करनी चाहिए कि सारे काम अकेले न करें. परिवार के दूसरे सदस्यों की मदद लें और जरूरी कामों के बीच आराम भी करें.
4. धूप और गर्मी से दूरी बनाएं
व्रत (Chhath Puja) के दौरान तेज धूप में ज्यादा देर खड़े रहने या मेहनत करने से बचें. खासकर दोपहर के समय शरीर को आराम दें. पूजा की तैयारियां ऐसी जगह करें, जहां पर्याप्त हवा आती हो और गर्मी ज्यादा न हो.
5. पर्याप्त नींद लें
नींद पूरी न होने से थकान और चिड़चिड़ापन बढ़ सकता है. इसलिए छठ की तैयारियों के बीच भी आराम के लिए समय निकालें. कोशिश करें कि रात में पर्याप्त नींद लें और बेवजह देर तक न जागें.
कमजोरी या चक्कर आने पर क्या करें?
निर्जला व्रत के दौरान चक्कर आना, बहुत ज्यादा कमजोरी, बेहोशी जैसी परेशानी को सामान्य समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. ऐसी स्थिति में तुरंत सुरक्षित जगह पर बैठें या लेट जाएं और परिवार के किसी सदस्य को बताएं. जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय मदद लें.
यह भी पढ़ें: पहली बार रख रहे हैं 36 घंटे का निर्जला व्रत? सेहत से जुड़ी इन बातों का रखें खास ख्याल
The post छठ व्रत में कमजोरी से बचना है? खरना के बाद ऐसे रखें खुद को एनर्जेटिक appeared first on Prabhat Khabar.

