भविष्य की जंग का स्वरूप तेजी से बदल रहा है. अब युद्ध सिर्फ हथियारों और सैन्य ताकत से नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ड्रोन, ऑटोनॉमस सिस्टम और आधुनिक तकनीक के दम पर भी लड़े जाएंगे. भारतीय सेना भी भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए खुद को तेजी से बदल रही है. सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने बताया भविष्य की जंग में तकनीक के साथ सैनिक भी सबसे अहम.
चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (COAS) जनरल धीरज सेठ, 11 नवंबर को नई दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में आयोजित मैकेनाइज्ड फोर्सेज सिम्पोजियम-2026 के उद्घाटन सत्र को सबोधित कर रहे थे. आर्मी चीफ ने ‘भारतीय उपमहाद्वीप में भविष्य के युद्ध की रणनीति और दृष्टिकोण’ विषय पर संबोधन दिया. कहा- भविष्य की जंग में मानव और मशीन मिलकर मुकाबला करेंगे.
सिर्फ आधुनिक हथियार नहीं, सोच भी बदलनी होगी
अपने भाषण में, COAS ने नई ऑपरेशनल चुनौतियों का सामना करने के लिए भारतीय सेना में हो रहे बदलाव पर ज़ोर दिया. आर्मी चीफ ने कहा कि सेना के आधुनिकीकरण का मतलब सिर्फ नए हथियार और उपकरण खरीदना या संगठन में बदलाव करना नहीं है. इसके लिए इनोवेशन, टेक्नोलॉजिकल अडैप्टेशन और फुर्ती का कल्चर चाहिए. और इसमें सैनिक यानी ‘योद्धा’ सबसे अहम रहेगा.
उन्होंने भविष्य के युद्ध में तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल और अलग-अलग ऑपरेशनल डोमेन में एकीकृत कार्रवाई को बेहद जरूरी बताया. साथ ही स्वदेशी रक्षा तकनीक विकसित करने और उद्योगों एवं शिक्षण संस्थानों के साथ साझेदारी बढ़ाने पर जोर दिया. मैकेनाइज्ड फोर्सेज के विकास पर बात करते हुए, COAS ने उनके सफर को आर्मी की एडजस्ट करने की भावना का सबूत बताया.
AI, ड्रोन और रोबोटिक सिस्टम पर होगा मंथन
दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में दो दिवसीय इस सिम्पोजियम का आयोजन कैवेलरी ऑफिसर्स एसोसिएशन ने डायरेक्टरेट जनरल ऑफ मैकेनाइज्ड फोर्सेज के सहयोग से किया है. इसमें भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व सैन्य अधिकारी, रक्षा वैज्ञानिक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और रणनीतिक विशेषज्ञ युद्ध के बदलते स्वरूप पर चर्चा करने के लिए एक साथ आए हैं..
सिम्पोजियम में भविष्य के युद्ध से जुड़े कई अहम विषयों पर चर्चा हो रही है. इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोनॉमस किल चेन, मानव और मानवरहित सिस्टम का एक साथ इस्तेमाल, ड्रोन वॉरफेयर, अगली पीढ़ी के युद्धक सिस्टम और मल्टी-डोमेन ऑपरेशन शामिल हैं. यह दो दिवसीय सिम्पोजियम 12 नवंबर को ‘Indian Mechanised Forces 2035’ विषय पर विशेष चर्चा के साथ समाप्त होगा.

