उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री सीएम योगी आदित्यनाथ ने ‘उत्तराखंड महोत्सव’ के उद्घाटन के बाद लोगों को संबोधित किया है. उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा, “पिछले दिनों मैं एक बयान सुन रहा था, वो (अखिलेश यादव) उत्तराखंड के लोगों को कह रहे थे घुसपैठिये हैं. जबकि, उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री ही उत्तराखंड के थे. मैंने कहा कि अगर उत्तराखंड की बेटी न होती तो आप सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते. मां गंगा भी तो उत्तराखंड से ही आई हैं, यमुना, सरयू मइया भी वहीं से आई हैं. ये कितनी इतनी छोटी संकुचित सोच है.”
सीएम योगी ने कहा, “जो बांग्लादेशी, पाकिस्तानी घुसपैठिये हैं उनसे ये गले मिलते हैं, और उनके सामने नाक रगड़ते हैं, देवभूमि उत्तराखंड वासियों के प्रति के लोग जहर उगलने का काम करते हैं.”
‘एक व्यक्ति’ उत्तराखण्ड वासियों को घुसपैठिए कह रहा है… https://t.co/1Ss1BViXpA
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 11, 2026
‘ये लोगों के सोच की संकीर्णता है’
मुख्यमंत्री ने गंगा, यमुना, सरयू, रामगंगा और राप्ती जैसी कई नदियों का जिक्र किया, जो उत्तराखंड से निकलती हैं. उन्होंने कहा कि ‘देवभूमि’ के लोगों के खिलाफ ऐसी टिप्पणी करना एक संकीर्ण सोच को दर्शाता है. उन्होंने कहा, “यह बांटने वाली मानसिकता है.”
उत्तराखंड का पक्ष रखते हुए, सीएम योगी ने स्वतंत्रता सेनानी वीर चंद्र सिंह गढ़वाली के योगदान का ज़िक्र किया, जिन्होंने निहत्थे भारतीयों पर गोली चलाने के अंग्रेजों के आदेश को मानने से इनकार कर दिया था. मुख्यमंत्री ने भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत और पूर्व CDS जनरल अनिल चौहान का भी जिक्र किया. इन दोनों का ही संबंध उत्तराखंड से है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का जन्म भी इसी पहाड़ी राज्य में हुआ था.
‘अगर प्रदूषण हुआ तो भी कम हो जाएगा’
सीएम योगी ने कहा, “आप लोगों ने दिवाली मनाई और कई लोग कह रहे हैं कि इससे प्रदूषण हुआ. मैंने कहा, ‘चिंता मत कीजिए. प्रदूषण भी कम हो जाएगा’. जो लोग अपने भ्रष्ट कारनामों से पूरी व्यवस्था को प्रदूषित कर देते हैं, उनसे कोई कुछ नहीं कहता. लेकिन अगर जनता ने एक दिन पटाखे जला दिए, तो प्रदूषण हो गया! अगर प्रदूषण हुआ भी है, तो वह कम भी हो जाएगा. कोई दिक्कत नहीं है. यह अच्छी बात है कि लोगों ने धूमधाम से दिवाली मनाई और पटाखे जलाए. हमने कोई पाबंदी न लगाने का फैसला किया. मैं खुद अयोध्या में आतिशबाजी के बीच मौजूद था. जब कोई त्योहार मनाता है, तो लोग प्रदूषण की बात करने लगते हैं, लेकिन जब कोई कुछ गलत करता है, तब कोई कुछ नहीं बोलता.”

