Aasif Khan Support Qazi Touqeer: बिग बॉस 20 में जैस्मिन सैंडलस की परफॉर्मेंस के दौरान काजी तौकीर के रिएक्शन को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है. इस पोस्ट में बिग बॉस 20 के कंटेस्टेंट काजी के रिएक्शन पर सवाल उठाए गए और उनकी देशभक्ति तक पर चर्चा शुरू हो गई. दरअसल, सोशस मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें लिखा है कि काजी तौकीर जो हमेशा डांस करते रहते हैं, लेकिन जब जैस्मीन धुरंधर का गाना गा रही थीं, तब काजी बिल्कुल शांत खड़े थे.
इस पोस्ट में आगे ये भी लिखा गया है कि, कहीं ऐसा तो नहीं कि काजी को ये बात परेशान कर रही थी कि ये फिल्म एंटी-पाकिस्तानी है. यानी इस पोस्ट में काजी की देशभक्ति पर सवाल खड़ा किया गया. अब बिग बॉस के पूर्व कंटेस्टेंट आसिफ खान और रोहेड खान उनके समर्थन में सामने आए हैं. दोनों ने सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट की आलोचना की है.
काजी के सपोर्ट में आए आसिफ खान
आसिफ खान ने अपने पुराने बिग बॉस 20 के साथी काजी तौकीर का समर्थन किया है. सोशल मीडिया पर अपनी बात रखते हुए आसिफ ने बताया कि वह बिग बॉस के घर में काजी को काफी करीब से जान चुके हैं. दोनों के बीच कई बार बहस और झगड़े भी हुए, लेकिन इससे काजी के देश के प्रति प्यार को लेकर उनकी सोच कभी नहीं बदली.
आसिफ ने लिखा, “बिग बॉस में मैंने उसे करीब से जाना है. हमारे बीच चाहे हजार झगड़े हुए हों, लेकिन मैं उसके अपने देश के लिए प्यार को जानता हूं. मुझे उस रिएक्शन में बस एक कलाकार को दूसरे कलाकार को स्टेज पर देखकर अपने खुद के सपने याद आते दिखे.” आसिफ ने लोगों से अपील की कि किसी ऐसी बात का गलत मतलब न निकाला जाए, जिसका इरादा कुछ और था. उन्होंने आगे लिखा, “आइए, इस पल का ऐसा मतलब न निकालें, जो कभी था ही नहीं. तुम्हें ढेर सारा प्यार और ताकत मिले काजी.”

रोहेड खान ने वायरल पोस्ट को बताया बकवास
रोहेड खान भी काजी के समर्थन में सामने आए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट की आलोचना करते हुए उसे बकवास बताया. रोहेड ने लिखा, “मैं काजी का फैन नहीं हूं, लेकिन यह पूरी तरह बकवास है. इस तरह के बयान कई लोगों के दिमाग में जहर घोल रहे हैं. मैं उसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं कह सकता, लेकिन एक बात पक्के तौर पर जानता हूं कि वह अपने देश (भारत) से प्यार करता है.”

