Diwali Instant Glow Face Pack: दिवाली की तैयारियों में घर की सफाई से लेकर शॉपिंग और पकवान बनाने तक इतने काम होते हैं कि खुद के लिए समय निकालना मुश्किल हो जाता है. इस भागदौड़ का असर चेहरे पर भी दिखने लगता है. चेहरा थका हुआ और बेजान नजर आने लगता है. ऐसे में सैलून जाने का समय भी नहीं मिल पाता. लेकिन त्योहार पर हर कोई चाहता है कि वह अच्छा दिखे और तस्वीरों में चेहरा भी खिला-खिला नजर आए.
अगर आपके पास भी पार्लर जाने का समय नहीं है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद कुछ चीजों से फेस पैक तैयार कर सकती हैं. इन्हें लगाने में ज्यादा समय भी नहीं लगेगा. चलिए जानते हैं ऐसे 4 आसान फेस पैक, जिन्हें आप दिवाली की शाम तैयार होने से पहले लगा सकती हैं.
Rice Flour Face Pack: चावल के आटे से बनाएं फेस पैक
चेहरे पर ताजगी लाने के लिए चावल के आटे से फेस पैक तैयार कर सकती हैं. इसके लिए एक चम्मच चावल का आटा लें. इसमें थोड़ा आलू का रस, एलोवेरा जेल, गुलाब जल और टमाटर का रस मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर पेस्ट बना लें. अब इसे चेहरे और गर्दन पर लगाएं. करीब 10 से 15 मिनट बाद गीले हाथों से हल्के हाथों मसाज करते हुए चेहरा साफ कर लें.
ये भी पढ़ें: चपातियां बनाते समय इन 5 बातों का रखें ध्यान, तवे से उतरने के बाद भी रहेंगी नरम
Besan Curd Face Pack: दही और बेसन का फेस पैक
अगर आप ज्यादा चीजें मिलाकर फेस पैक नहीं बनाना चाहती हैं, तो दही और बेसन का इस्तेमाल कर सकती हैं. इसके लिए डेढ़ चम्मच बेसन में जरूरत के अनुसार दही मिलाएं. इसमें एक चुटकी कस्तूरी हल्दी और थोड़ा शहद डालकर पेस्ट तैयार कर लें. इसे चेहरे और गर्दन पर लगाकर 15 से 20 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद गीले स्पंज या पानी की मदद से चेहरा साफ कर लें. इससे त्वचा मुलायम महसूस हो सकती है.
Potato Tomato Face Pack: आलू और टमाटर के रस से बनाएं फेस पैक
चेहरे की थकान और डलनेस कम करने के लिए आलू और टमाटर के रस से फेस पैक बना सकती हैं. इसके लिए एक चम्मच आलू का रस और एक चम्मच टमाटर का रस लें. इसमें थोड़ा एलोवेरा जेल मिलाकर पेस्ट तैयार करें. इसे चेहरे और गर्दन पर लगाएं. 10 से 15 मिनट बाद सादे पानी से चेहरा धो लें. एलोवेरा जेल त्वचा को मुलायम रखने में मदद कर सकता है.
ये भी पढ़ें: दिवाली पर घर में इकट्ठी हो गई हैं मिठाइयां और नमकीन, तो ऐसे करें स्टोर, लंबे समय तक रहेंगे फ्रेश
Sandalwood Face Pack: चंदन पाउडर से पाएं फ्रेश लुक
अगर आप चेहरे को फ्रेश और तरोताजा दिखाना चाहती हैं, तो चंदन पाउडर का फेस पैक भी लगा सकती हैं. इसके लिए डेढ़ चम्मच चंदन पाउडर लें. इसमें एक चुटकी हल्दी, थोड़ा एलोवेरा जेल, कच्चा दूध और गुलाब की पंखुड़ियों का पाउडर मिलाएं. सभी चीजों को मिलाकर चिकना पेस्ट बना लें. इसे चेहरे और गर्दन पर लगाएं. करीब 15 मिनट बाद पानी से चेहरा धो लें.
किसी भी फेस पैक को लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें. नींबू का रस और टमाटर का रस संवेदनशील त्वचा में जलन पैदा कर सकते हैं. अगर आपकी त्वचा पर पहले से जलन, एलर्जी या मुंहासे हैं, तो इनका इस्तेमाल करने से बचें. फेस पैक लगाने के बाद त्वचा को मॉइस्चराइज करना न भूलें.
ये भी पढ़ें: दिवाली पर घर सजाते समय न करें ये 5 गलतियां, लाइट्स से लेकर पटाखों तक इन बातों का रखें ध्यान
The post दिवाली पर चेहरे पर चाहिए इंस्टेंट ग्लो? घर पर बनाएं ये 4 नेचुरल फेस पैक, मिनटों में दिखेगा फ्रेश लुक appeared first on Prabhat Khabar.

