देश में राजनीतिक दलों को चंदा मिलता है, जिससे पार्टी अपने तमाम कार्यक्रमों का आयोजन करती है. इस बीच कांग्रेस के चंदे में गिरावट दर्ज की गई है. पार्टी को 20 हजार रुपए से ऊपर के चंदे से मिलने वाली रकम में करीब 75% की कमी आई है. 2025-26 में पार्टी को 130.69 करोड़ रुपए का चंदा मिला, जबकि 2024-25 में ये आंकड़ा 517.39 करोड़ रुपए था.

निर्वाचन आयोग के पास दाखिल पार्टी के दस्तावेजों के विश्लेषण से यह जानकारी सामने आई है. पिछले एक दशक में कांग्रेस के चंदे में यह सबसे बड़ी सालाना गिरावट है. रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस को 2024-25 में 20 हजार रुपये से अधिक के चंदे के रूप में 517.39 करोड़ रुपये मिले थे. वहीं, 2025-26 में यह रकम घटकर 130.69 करोड़ रुपये रह गई. यानी एक साल में पार्टी को करीब 386.70 करोड़ रुपये कम चंदा मिला.

चंदे में गिरावट की एक बड़ी वजह

कांग्रेस को मिलने वाले चंदे में गिरावट की एक बड़ी वजह प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट से मिलने वाली रकम का कम होना है. इस ट्रस्ट ने 2024-25 में कांग्रेस को 216.34 करोड़ रुपये दिए थे. लेकिन 2025-26 में इसका योगदान घटकर सिर्फ 25 करोड़ रुपये रह गया. यानी ट्रस्ट से मिलने वाली रकम में करीब 88 प्रतिशत की कमी आई है.

पार्टी की नवीनतम योगदान रिपोर्ट में प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट को एकमात्र इलेक्टोरल ट्रस्ट के रूप में दर्ज किया गया है. इसके अलावा, स्टार सीमेंट ने कांग्रेस को 5 करोड़ रुपये का चंदा दिया. वहीं, सज्जन भजंका ने 4 करोड़ और प्रेम कुमार भजंका ने 2 करोड़ रुपये का योगदान दिया.

पिछले 12 वित्त वर्षों के आंकड़ों पर नजर

पिछले 12 वित्त वर्षों के आंकड़ें देखें तो कांग्रेस के चंदे में इससे बड़ी गिरावट 2015-16 में दर्ज की गई थी. उस समय पार्टी को मिलने वाला घोषित चंदा पिछले वित्त वर्ष के 141.46 करोड़ रुपये से करीब 86 प्रतिशत घट गया था. ताजा गिरावट से पहले लगातार दो वर्षों तक पार्टी को मिलने वाले चंदे में बढ़ोतरी हुई थी. वित्त वर्ष 2023-24 में पार्टी को 281.48 करोड़ रुपये मिले थे. इसके बाद 2024-25 में लोकसभा चुनाव के दौरान यह रकम बढ़कर 517.39 करोड़ रुपये हो गई थी. लेकिन 2025-26 में इसमें भारी कमी आ गई.

चंदे के मामले में कांग्रेस से आगे बीजेपी

बीजेपी से चंदे के मामले में कांग्रेस काफी पीछे है. बीजेपी को 2024-25 में 20,000 रुपये से अधिक के चंदे के रूप में 6,074.02 करोड़ रुपये मिले थे, जो कांग्रेस को मिले चंदे से करीब 12 गुना ज्यादा है. हालांकि वर्ष 2025-26 के लिए बीजेपी को मिले चंदे का संबंधित आंकड़ा उपलब्ध नहीं है, क्योंकि निर्वाचन आयोग ने अभी तक पार्टी की योगदान संबंधी रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की है. पिछले 12 वित्त वर्षों के आंकड़ों में हर बार बीजेपी को कांग्रेस से ज्यादा चंदा मिला है.

चुनावी बॉण्ड से मिला चंदा शामिल

इन आंकड़ों में चुनावी बॉण्ड से मिले चंदे को शामिल नहीं किया गया है. जब यह योजना लागू थी, तब चुनावी बॉण्ड से मिले चंदे की जानकारी अलग से दी जाती थी. पिछले वर्षों में चुनावी बॉण्ड से प्राप्त राशि को शामिल करने पर 2025-26 में कांग्रेस को मिला कुल चंदा 2020-21 के बाद सबसे कम रहा.

योगदान संबंधी रिपोर्ट में पार्टी की कुल आय का ब्योरा नहीं होता. पार्टी की कुल आय में छोटी रकम के चंदे, सदस्यता शुल्क, कूपन से प्राप्त राशि और ब्याज भी शामिल होते हैं. कांग्रेस की 2025-26 की ऑडिट की गई लेखा रिपोर्ट अभी अपलोड नहीं हुई है. पार्टी की समग्र वित्तीय स्थिति का आकलन करने के लिए यह रिपोर्ट जरूरी है. वर्ष 2024-25 में केवल कूपन से कांग्रेस को को 350.12 करोड़ रुपये मिले थे.