Govardhan Puja: गोवर्धन पूजा का त्योहार आते ही घरों में भगवान कृष्ण की पूजा और अन्नकूट की तैयारी शुरू हो जाती है. इस दिन कहीं तरह-तरह के पकवान बनाए जाते हैं, तो कहीं भगवान कृष्ण को 56 भोग का प्रसाद चढ़ाया जाता है. मिठाई, फल, सब्जी, दही, मक्खन और अलग-अलग तरह के व्यंजनों से सजी थाली देखने में भी बेहद खास लगती है.

लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि भगवान कृष्ण को 56 भोग ही क्यों चढ़ाए जाते हैं? आखिर इस संख्या के पीछे क्या कहानी है और इन पकवानों का क्या महत्व है? आइए जानते हैं.

56 भोग चढ़ाने के पीछे क्या है पौराणिक कथा?

धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान कृष्ण बचपन में माता यशोदा के हाथों दिन में आठ बार भोजन करते थे. एक बार जब ब्रजवासियों की रक्षा के लिए भगवान कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत अपनी छोटी उंगली पर उठा लिया, तब वे लगातार सात दिनों तक बिना कुछ खाए-पिए पर्वत को उठाए रहे.

कहा जाता है कि सात दिन बाद जब बारिश रुकी और सभी लोग सुरक्षित हो गए, तब माता यशोदा ने सोचा कि कान्हा सात दिनों तक भोजन नहीं कर पाए. इसलिए उन्होंने उनके लिए आठों पहर के हिसाब से सात दिनों का भोजन तैयार किया. इस तरह 7 दिन × 8 पहर = 56 भोग का प्रसाद तैयार हुआ. तभी से भगवान कृष्ण को 56 भोग लगाने की परंपरा प्रचलित मानी जाती है.

Govardhan Puja: 56 भोग में कौन-कौन से पकवान होते हैं?

56 भोग में मीठे, नमकीन, फल, अनाज और दूध से बनी चीजें शामिल की जाती हैं. हालांकि, अलग-अलग मंदिरों और परिवारों में इनकी सूची बदल सकती है. आमतौर पर इसमें ये चीजें रखी जाती हैं:

  • मिठाइयां: पेड़ा, लड्डू, बर्फी, जलेबी, खीर, रबड़ी और हलवा.
  • दूध से बनी चीजें: माखन, मिश्री, दही, दूध और मलाई.
  • नमकीन पकवान: कचौड़ी, पूड़ी, दाल, चावल और सब्जियां.
  • फल: केला, सेब, अमरूद, अनार और मौसमी फल.
  • अन्य प्रसाद: मखाना, मेवे, पंजीरी और अलग-अलग तरह के पकवान.

Govardhan Puja 56 Bhog: हर पकवान का क्या है महत्व?

भगवान कृष्ण को माखन और मिश्री बेहद प्रिय माने जाते हैं. इसलिए 56 भोग में इन्हें विशेष स्थान दिया जाता है. दूध, दही और मक्खन ब्रज की परंपरा और कान्हा के बाल स्वरूप से जुड़े हैं.

वहीं फल, अनाज और सब्जियां प्रकृति की देन और अन्न के प्रति आभार जताने का प्रतीक माने जाते हैं. मिठाइयां भक्ति और प्रसन्नता का भाव दर्शाती हैं.

अन्नकूट का भी है खास महत्व

गोवर्धन पूजा को अन्नकूट के नाम से भी जाना जाता है. इस दिन कई तरह के अनाज, सब्जियों और पकवानों से भगवान कृष्ण को भोग लगाया जाता है.

इसके पीछे प्रकृति, अन्न और गोवर्धन पर्वत के प्रति आभार जताने की भावना जुड़ी है. पूजा के बाद प्रसाद को परिवार और दूसरे भक्तों के बीच बांटा जाता है.

यह भी पढ़ें: गोवर्धन पूजा पर कान्हा को लगाएं 56 भोग, यहां देखें मिठाई से लेकर पकवानों तक की पूरी लिस्ट

The post गोवर्धन पूजा में 56 भोग ही क्यों चढ़ाए जाते हैं? जानें इन पकवानों का महत्व appeared first on Prabhat Khabar.