कोल्हापुर के गोकुल दूध संघ को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में टकराव बढ़ता जा रहा है. हाल ही में हुए गोकुल के चुनाव में 25 में से 13 सीटें जीतकर बहुमत हासिल करने वाले कांग्रेस नेता सतेज उर्फ बंटी पाटील अब राज्य सरकार के फैसले के खिलाफ सड़क पर उतरने जा रहे हैं. आज कोल्हापुर के मशहूर दसरा चौक से इस मोर्चे की शुरुआत होगी.

ये मोर्चा कलेक्टर ऑफिस तक निकाला जाएगा. इस मोर्चे में बड़ी संख्या में दूध उत्पादकों और किसानों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है. दरअसल, गोकुल दूध संघ से करीब साढ़े पांच लाख दूध उत्पादक किसान जुड़े हुए हैं. हाल ही में हुए चुनाव में सतेज पाटील के नेतृत्व वाली शाहू स्वाभिमानी आघाड़ी ने 13 सीटें जीती थीं, जबकि महायुति को 12 सीटें मिली थीं. यानी चुनाव में शाहू स्वाभिमानी आघाड़ी को बहुमत मिला था.

किन सहकारी समितियों पर लागू होगा?

महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने एक अध्यादेश को मंजूरी दी, जिससे कोल्हापुर के प्रसिद्ध ‘गोकुल दुग्ध संघ’ के प्रशासनिक और राजनीतिक समीकरण में बड़ा बदलाव आएगा. इस अध्यादेश के जरिए गोकुल में चार नामित (नॉमिनेटेड) निदेशकों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है. इससे पहले राज्य सरकार ने बड़ी सहकारी समितियों के निदेशक मंडल में पांच सदस्यों को नियुक्त करने के लिए एक सरकारी प्रस्ताव (GR) जारी किया था. यह फैसला उन सहकारी समितियों पर लागू होता है जिनका सालाना टर्नओवर 500 करोड़ रुपये से ज्यादा है.

राहुल गांधी ने क्या कहा?

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी पर आरोप लगाया है कि महाराष्ट्र की गोकुल डेयरी के चुनाव में हारने के बाद, उन्होंने पिछले दरवाजे से बहुमत चुराने के लिए नियम बदल दिए हैं. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि गोकुल डेयरी के चुनाव में दूध उत्पादकों ने कांग्रेस समर्थित पैनल को 13 सीटें देकर बहुमत दिया था और बीजेपी गठबंधन को 12 सीटें मिली थीं, लेकिन अब सरकार 4 नए डायरेक्टर नियुक्त करके इस बहुमत को जबरदस्ती छीन रही है, जो कि किसानों के वोटों की चोरी है.