Gen Z Friend Crush: किसी पार्टी में कोई ऐसा व्यक्ति मिल जाए, जिसके साथ बातें करते हुए आपको अच्छा लगे. या कॉलेज में कोई ऐसा स्टूडेंट दिख जाए, जिसकी पसंद और आपका टेस्ट एक जैसा हो. आप मन ही मन सोचने लगें कि इससे दोस्ती हो जाए तो कितना अच्छा रहेगा. लेकिन आप उसे डेट नहीं करना चाहते और न ही उसके साथ किसी रोमांटिक रिश्ते में आने की इच्छा है. बस एक अच्छा दोस्त बनाना चाहते हैं. Gen Z के बीच इस तरह की फीलिंग को 'फ्रेंड क्रश' कहा जा रहा है.

फ्रेंड क्रश का प्यार से नहीं, दोस्ती से है कनेक्शन

फ्रेंड क्रश को समझने के लिए इसे रोमांटिक क्रश से अलग करके देखना होगा. मान लीजिए, आपको किसी का म्यूजिक टेस्ट, फैशन सेंस या बात करने का तरीका पसंद है. आप चाहते हैं कि उसके साथ आपकी दोस्ती हो और आप दोनों साथ में अच्छा समय बिताएं. लेकिन उसके साथ डेट पर जाने या प्यार करने का ख्याल नहीं आता. यही फ्रेंड क्रश है. इसमें किसी के प्रति आकर्षण जरूर होता है, लेकिन वह दोस्ती तक ही सीमित रहता है.

Gen Z को किन लोगों पर हो सकता है फ्रेंड क्रश?

इसका कोई तय दायरा नहीं है. कॉलेज में किसी सीनियर या नए क्लासमेट से लेकर ऑफिस के किसी सहकर्मी तक, कोई भी आपका फ्रेंड क्रश हो सकता है. कई बार किसी कॉन्सर्ट में मिले व्यक्ति का म्यूजिक टेस्ट पसंद आ जाता है. किसी कैफे में किसी का बातचीत करने का तरीका अच्छा लगने लगता है. सोशल मीडिया पर भी किसी की पोस्ट, रील या स्टोरी देखकर उसके साथ दोस्ती करने का मन हो सकता है.

ये 4 संकेत बताते हैं कि आपको फ्रेंड क्रश है

आप उसके बारे में और जानना चाहते हैं: आपको उत्सुकता होती है कि उसे कौन सी फिल्में पसंद हैं, वह किस तरह का म्यूजिक सुनता है और खाली समय में क्या करना पसंद करता है. आप उससे इन बातों पर बातचीत करना चाहते हैं.

1. उसके सामने बात शुरू करने के बहाने ढूंढते हैं

आप चाहते हैं कि किसी तरह बातचीत शुरू हो जाए. कभी उसकी किसी पोस्ट पर रिएक्ट करते हैं, तो कभी आमने-सामने मिलने पर बात करने का मौका तलाशते हैं.

2. आपको लगता है कि आपकी अच्छी दोस्ती हो सकती है

उसकी सोच, पसंद और सेंस ऑफ ह्यूमर आपको अच्छा लगता है. आपको लगता है कि अगर आप दोनों दोस्त बन गए, तो एक-दूसरे के साथ काफी सहज रहेंगे.

3. आप उसे अपनी टोली का हिस्सा बनाना चाहते हैं

आप कल्पना करते हैं कि वह आपके दोस्तों के साथ घुले-मिले. फिर सब मिलकर घूमने जाएं, फिल्म देखें या अचानक कोई ट्रिप प्लान कर लें. यानी आप उसे सिर्फ अपना नहीं, अपने पूरे फ्रेंड सर्कल का हिस्सा बनाना चाहते हैं.

4. सोशल मीडिया ने नए दोस्त बनाने की चाहत को कैसे बढ़ाया?

पहले दोस्ती का दायरा ज्यादातर स्कूल, कॉलेज, मोहल्ले और ऑफिस तक रहता था. लेकिन अब इंस्टाग्राम और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की वजह से Gen Zकी पहुंच नए लोगों तक हो गई है. किसी की प्रोफाइल देखकर उसकी पसंद, शौक और सोच के बारे में थोड़ा जानने का मौका मिल जाता है. कभी कोई मजेदार रील पसंद आ जाती है, तो कभी किसी की स्टोरी में लगा गाना अपनी पसंद का निकलता है. ऐसे में बिना मिले भी किसी से दोस्ती करने की इच्छा हो सकती है.

हर किसी के साथ डेटिंग जरूरी नहीं, दोस्ती भी काफी है

Gen Z के रिश्तों की दुनिया में डेटिंग और रोमांटिक कनेक्शन के अलावा दोस्ती की भी अपनी जगह है. जरूरी नहीं कि किसी की पर्सनैलिटी पसंद आने पर आप उसके साथ रिलेशनशिप ही चाहें. कई बार जिंदगी में ऐसे लोगों की जरूरत महसूस होती है, जिनके साथ बिना किसी दबाव के बातें की जा सकें, अपनी पसंद शेयर की जा सके और अच्छा समय बिताया जा सके.

फ्रेंड क्रश इसी भावना को समझने का एक तरीका है. यह बताता है कि किसी के करीब आने की इच्छा हमेशा प्यार से जुड़ी नहीं होती. कभी-कभी किसी से मिलने के बाद बस यही लगता है कि यह इंसान मेरा दोस्त होना चाहिए.

ये भी पढ़ें: दिवाली पर काजू कतली खरीदने से पहले कर लें ये 4 जांच, कहीं मिठाई में मिलावट तो नहीं?

The post Gen Z के बीच क्या है फ्रेंड क्रश का ट्रेंड? किसी को पसंद करना, लेकिन प्यार नहीं दोस्ती चाहना appeared first on Prabhat Khabar.