Chhath Puja Tips for Beginners: छठ पूजा सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन और साफ-सफाई से जुड़ा महापर्व है. इस दौरान व्रती महिलाएं और पुरुष भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा करते हैं. चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में नहाय-खाय से लेकर उगते सूर्य को अर्घ्य देने तक कई परंपराओं का पालन किया जाता है.

अगर आप इस साल पहली बार छठ पूजा करने जा रहे हैं, तो इसकी तैयारियों को लेकर मन में कई सवाल हो सकते हैं. ऐसे में कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना आपके लिए मददगार हो सकता है.

1. पूजा की शुरुआत से पहले समझ लें चारों दिन का महत्व

छठ पूजा चार दिनों तक चलती है. पहले दिन नहाय-खाय में स्नान के बाद सात्विक भोजन किया जाता है. दूसरे दिन खरना होता है, जिसमें व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं.

तीसरे दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है और चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन होता है. इसलिए पहले से ही चारों दिनों की तैयारी (Chhath Puja Tips for Beginners) कर लें.

2. साफ-सफाई का रखें खास ध्यान

छठ पूजा में साफ-सफाई का विशेष महत्व माना जाता है. पूजा में इस्तेमाल होने वाले बर्तन, चूल्हा, रसोई और पूजा की जगह को अच्छी तरह साफ रखें. प्रसाद बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी साफ होनी चाहिए. 

3. पूजा का सामान पहले से जुटा लें

छठ पूजा के दौरान कई चीजों की जरूरत पड़ती है. जैसे बांस का सूप, दउरा, नारियल, गन्ना, केला, सेब, मौसमी फल, दीपक और पूजा सामग्री. आखिरी समय में बाजारों की भीड़ से बचने के लिए जरूरी सामान की लिस्ट बनाकर पहले ही खरीदारी कर लें.

4. प्रसाद बनाते समय रखें सावधानी

छठ पूजा में ठेकुआ, गुड़ की खीर और रोटी जैसे प्रसाद बनाए जाते हैं. इन्हें बनाते समय साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखें. प्रसाद बनाने के लिए अच्छी गुणवत्ता वाली सामग्री इस्तेमाल करें. साथ ही, इसे रखने के लिए साफ और सूखे बर्तनों का इस्तेमाल करें.

5. व्रत के नियमों को हल्के में न लें (Chhath Puja Tips for Beginners)

छठ पूजा में व्रत के दौरान कई कठिन नियमों का पालन किया जाता है. खासकर खरना के बाद निर्जला व्रत रखा जाता है, जिसमें पानी भी नहीं पिया जाता. पहली बार व्रत कर रहे हैं तो परिवार के अनुभवी सदस्यों से परंपराओं को अच्छी तरह समझ लें. 

6. अर्घ्य देने की जगह पहले ही तय करें

छठ पूजा में नदी, तालाब या घाट पर जाकर सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है. ऐसे में पहले ही तय कर लें कि आप कहां अर्घ्य देंगे. घाट की साफ-सफाई, वहां पहुंचने का रास्ता और भीड़ का अंदाजा भी लगा लें. बच्चों और बुजुर्गों के साथ जा रहे हैं तो उनकी सुरक्षा का खास ध्यान रखें.

7. पूजा में जल्दबाजी करने से बचें

छठ पूजा में हर रस्म का अपना महत्व है. इसलिए किसी भी काम को जल्दबाजी में न करें. पूजा की सामग्री, प्रसाद और अर्घ्य की तैयारी समय से पूरी कर लें. परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर जिम्मेदारियां बांट लें, ताकि आखिरी समय में किसी तरह की परेशानी न हो.

यह भी पढ़ें: छठ महापर्व का प्रसाद कैसे बना बिहार की पहचान? जानिए ठेकुआ की दिलचस्प कहानी

The post पहली बार छठ पूजा कर रहे हैं? पहले जान लें ये 7 जरूरी बातें appeared first on Prabhat Khabar.