कभी-कभी एक अल्फाज आलोचनाओं की वजह बन जाता है. ऐसा ही कुछ हुआ है कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ. उनके द्वारा दिवाली को खुशियों की ईद बताए जाने पर राजनीतिक बवाल मच गया है. बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष के शब्दों के चयन पर निशाना साधा है. दिवाली की बधाई देते हुए, खरगे ने लोगों से शांति बनाए रखने, गलतफहमियों को दूर करने और देश की रक्षा एवं एकता के लिए काम करने की अपील की थी. हालांकि, उनके इस बयान दिवाली खुशियों की ईद है ने बीजेपी नेताओं का ध्यान खींचा. जिसके बाद सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का दौर शुरू हो गया.

बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि दिवाली के मौके पर भी कांग्रेस को तुष्टीकरण और वोट बैंक की ही सूझती है! कल सोनिया गांधी बाबरी के लिए रोई थीं, और आज खड़गे जी अपने दिवाली संदेश में तुष्टीकरण कर रहे हैं!.

‘दीवाली के मौके पर भी वोट बैंक की राजनीति चुनी’

उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा ‘दीवाली के मौके पर भी कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति चुनी!. कांग्रेस अध्यक्ष ने दीपावली को खुशियों की ईद कहा. याद कीजिए, सोनिया गांधी बाबरी के लिए रोई थीं. पहले जब सनातन को डेंगू-मलेरिया और एड्स कहा गया, तब कांग्रेस चुप रही!. गांधी-वाड्रा परिवार के नेतृत्व में कांग्रेस की नीति सनातन-विरोधी और हिंदू-विरोधी है!’. भंड़ारी ने कहा दिवाली पर भी कांग्रेस तुष्टीकरण और वोट बैंक के बारे में सोचती है.

Even on Diwali, Congress chose vote bank politics!

Congress President called Deepawali as “Eid of Happiness”

Recall Sonia Gandhi crying for ” Babri”

In past when Sanatan was called “Dengue Malaria Aid” Congress was silent!

Under Gandhi Vadra family Policy of Congress is Anti Sanatan Anti Hindu!

— Pradeep Bhandari(प्रदीप भंडारी)🇮🇳 (@pradip103) November 9, 2026

‘तो क्या राहुल गांधी नए भारत के मीर जाफर हैं’

वहीं भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के अध्यक्ष और वडोदरा के सांसद डॉ. हेमांग जोशी ने भी खरगे के बयान पर प्रतिक्रिया दी और इसमें राहुल गांधी को भी घसीट लिया. जोशी ने सोशल मीडिया पर लिखा ‘खरगे जी, आपने कहा कि दिवाली खुशियों की ईद है, तो क्या राहुल गांधी नए भारत के मीर जाफर हैं?’.

खड़गे जी , आपने कहा की दिवाली खुशियों की ईद है तो क्या राहुल गांधी नए भारत के मीर ज़ाफ़र है ???

— Dr. Hemang Joshi (MP Vadodara) (@drhemangjoshimp) November 8, 2026

खरगे ने दिवाली संदेश में क्या कहा था

अपने दिवाली संदेश में, खरगे ने इस त्योहार को एक बड़ा भारतीय उत्सव बताया, जो लोगों को करीब लाता है और परिवारों को अपने प्रियजनों से मिलने का मौका देता है. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘दिवाली भारत में सबके द्वारा मनाया जाने वाला एक प्रमुख त्योहार है. यह खुशियों का त्योहार है जो लोगों को एक साथ लाता है और उन्हें अपने प्रियजनों से मिलने का अवसर देता है. दिवाली खुशियों की ईद है’.

मतभेदों और गलतफहमियों को भुला देने की अपील

उन्होंने लोगों से, खासकर विवादों में उलझे लोगों से, अपने मतभेदों और गलतफहमियों को भुला देने की अपील की. खरग ने कहा, ‘मैं सभी से, खासकर आपस में लड़ रहे लोगों से, देश में शांति बनाए रखने और गलतफहमियों को दूर करने की अपील करता हूं. देश की रक्षा और उसे एकजुट रखने के लिए सभी को पूरे दिल से काम करना चाहिए’.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर साधा निशाना

कांग्रेस अध्यक्ष ने इस मौके का इस्तेमाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधने के लिए भी किया. उन्होंने राहुल गांधी द्वारा बहस की चुनौती का जिक्र किया, जिसमें मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR), नीट (NEET), बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दे शामिल हैं. खरगे ने दावा किया कि राहुल गांधी ने मोदी को बहस के लिए आमंत्रित किया था, लेकिन प्रधानमंत्री इस चुनौती को स्वीकार करने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं. उन्होंने आगे कहा, ‘खैर, यह उनकी मर्जी है. हमारी लड़ाई मोदी, शाह और बीजेपी के खिलाफ है, किसी और व्यक्ति के खिलाफ नहीं’.