Diwali Diya Tips: दिवाली पर घर को दीयों से सजाने की बात ही कुछ और होती है. बालकनी से लेकर आंगन तक, हर जगह जलते हुए दीये घर की सुंदरता बढ़ा देते हैं. लेकिन कई बार हवा चलने से दीये जल्दी बुझ जाते हैं. ऐसे में बार-बार उन्हें जलाना पड़ता है. अगर आप भी इस परेशानी से बचना चाहती हैं, तो कुछ आसान बातों का ध्यान रख सकती हैं. इन तरीकों से दीयों की लौ को हवा से बचाने में मदद मिलेगी और वे ज्यादा देर तक जल सकेंगे.
1. कांच के होल्डर में रखें दीया
दीये को हवा से बचाने के लिए आप कांच के होल्डर का इस्तेमाल कर सकती हैं. इसमें दीया रखने से हवा सीधे उसकी लौ तक नहीं पहुंचती. बाजार में कई तरह के सुंदर कांच के होल्डर मिलते हैं. इन्हें घर की सजावट के लिए भी इस्तेमाल कर सकती हैं. बस ध्यान रखें कि होल्डर पूरी तरह बंद न हो, ताकि हवा आने-जाने की जगह बनी रहे.
2. बाती को सही आकार में रखें
दीये की बाती बहुत लंबी होने पर लौ ठीक से नहीं जलती. ऐसे में हवा चलने पर दीया जल्दी बुझ सकता है. इसलिए बाती को न ज्यादा लंबा रखें और न ही बहुत छोटा. अच्छी सूती बाती का इस्तेमाल करें. साथ ही, बाती का एक हिस्सा तेल या घी में डूबा होना चाहिए, ताकि उसे जलने के लिए तेल मिलता रहे.
3. दीये को प्लेट या ट्रे में रखें
अगर आप बालकनी या आंगन में एक साथ कई दीये जलाने वाली हैं, तो उन्हें किसी बड़ी प्लेट या ट्रे में रख सकती हैं. इससे दीये एक जगह पर रहेंगे और उनके गिरने का डर भी कम होगा. इसके लिए मिट्टी या पीतल की प्लेट ले सकती हैं. ट्रे को ऐसी जगह रखें जहां तेज हवा न आती हो.
4. दीये रखने के लिए सही जगह चुनें
दीये को कहां रखा गया है, इसका भी ध्यान रखना जरूरी है. अगर आप उसे ऐसी जगह रखेंगी जहां तेज हवा आती है, तो उसकी लौ जल्दी बुझ सकती है. इसलिए बालकनी, छत या आंगन में दीये रखने के लिए ऐसी जगह चुनें जहां हवा कम आती हो. आप दीये को दीवार के पास भी रख सकती हैं. हालांकि, उसे पर्दों, कपड़ों और दूसरी जलने वाली चीजों से दूर रखें.
5. दीये में सही मात्रा में तेल या घी डालें
अगर आप चाहती हैं कि दीया ज्यादा देर तक जले, तो उसमें तेल या घी की मात्रा सही रखें. बहुत कम तेल होने पर बाती जल्दी सूख सकती है और दीया बुझ सकता है. इसलिए दीया जलाने से पहले उसमें जरूरत के हिसाब से तेल या घी डालें. ध्यान रखें कि तेल या घी दीये से बाहर न निकले.
दीये जलाते समय इन बातों का भी रखें ध्यान
- जलते हुए दीये को कागज या प्लास्टिक से न ढकें.
- दीये के पास पर्दे, कपड़े और कागज जैसी चीजें न रखें.
- छोटे बच्चों और पालतू जानवरों से दीयों को दूर रखें.
- दीये ऐसी जगह रखें जहां किसी के पैर लगने से वे गिर न जाएं.
- घर से बाहर जाते समय जलते हुए दीयों को बिना देखरेख के न छोड़ें.
यह भी पढ़ें: इस दिवाली घर की छत पर रखने वाले हैं पार्टी? इन 7 शानदार तरीकों से सजाएं अपना टेरेस
The post दिवाली पर घंटों जलेंगे घर के दीये, बस इन 5 बातों का रखें ध्यान appeared first on Prabhat Khabar.

