Homemade Face Pack: दिवाली का त्योहार आते ही घरों में तैयारियां शुरू हो जाती हैं. कोई घर की सफाई में लगा रहता है, तो कोई खरीदारी और सजावट में व्यस्त रहता है. इस बीच महिलाएं अक्सर अपनी त्वचा का ध्यान रखना भूल जाती हैं. लगातार काम करने, धूल-मिट्टी और बाहर आने-जाने की वजह से चेहरा थका हुआ और बेजान दिख सकता है. वहीं, त्योहार पर हर कोई चाहता है कि उसका चेहरा साफ और खिला-खिला नजर आए.
इसके लिए हर बार पार्लर जाने या महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट खरीदने की जरूरत नहीं है. आप घर पर मौजूद कुछ चीजों से भी त्वचा की देखभाल कर सकती हैं. मसूर दाल भी इसका एक आसान विकल्प है. इसकी मदद से आप घर पर फेस पैक तैयार कर सकती हैं. आइए जानते हैं इसे बनाने और लगाने का आसान तरीका.
फेस पैक बनाने के लिए चाहिए ये चीजें
- 2 बड़े चम्मच मसूर दाल
- जरूरत के अनुसार पानी
मसूर दाल का फेस पैक कैसे बनाएं?
सबसे पहले मसूर दाल को अच्छी तरह धो लें. अब इसे एक कटोरी पानी में डालकर रातभर के लिए छोड़ दें. सुबह दाल का पानी निकाल दें. इसके बाद भीगी हुई दाल को मिक्सी में डालकर अच्छी तरह पीस लें. जरूरत पड़ने पर थोड़ा पानी मिला सकती हैं. इसे तब तक पीसें, जब तक मुलायम पेस्ट न बन जाए. ध्यान रखें कि पेस्ट में दाल के बड़े दाने न रहें.
चेहरे पर कैसे लगाएं मसूर दाल का फेस पैक?
सबसे पहले अपने चेहरे को पानी या हल्के फेस वॉश से साफ कर लें. अब तैयार पेस्ट को चेहरे और गर्दन पर हल्के हाथों से लगाएं. इसे आंखों और होंठों के पास न लगाएं. करीब 10 से 15 मिनट बाद सादे पानी से चेहरा धो लें. इसके बाद मुलायम तौलिए से चेहरे को हल्के हाथों से पोंछें और अपनी त्वचा के हिसाब से मॉइस्चराइजर लगा लें.
मसूर दाल का फेस पैक लगाने से क्या फायदा हो सकता है?
मसूर दाल का बारीक पेस्ट चेहरे की ऊपरी परत की सफाई में मदद कर सकता है. इससे त्वचा पर जमा गंदगी और मृत कोशिकाएं हटाने में मदद मिल सकती है. इसके बाद चेहरा साफ और तरोताजा महसूस हो सकता है. हालांकि, इससे त्वचा का रंग बदलने या किसी खास समस्या के ठीक होने की गारंटी नहीं है.
ध्यान रखें: हर किसी की त्वचा अलग होती है. इसलिए चेहरे पर लगाने से पहले थोड़ा सा पेस्ट हाथ पर लगाकर जांच लें. जलन, खुजली या लालिमा होने पर इसका इस्तेमाल न करें. संवेदनशील त्वचा या त्वचा से जुड़ी परेशानी होने पर पहले त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें.
यह भी पढ़ें: क्रीम और लिप बाम लगाने के बाद भी फट रहे हैं होंठ और हाथ? रोजाना की ये 5 गलतियां हो सकती हैं वजह
The post दिवाली पर चेहरे पर चाहिए नेचुरल निखार? घर पर मसूर दाल से बनाएं ये आसान फेस पैक appeared first on Prabhat Khabar.

