झारखंड सरकार में कांग्रेस के मंत्री इरफान अंसारी के एक विवादित बयान पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है. अंसारी ने दावा किया था कि दिल्ली में 40 लाख युवा और छात्र सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हैं और उन्होंने राहुल गांधी के इशारे का इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सचेत नहीं हुए तो भारत का हाल बांग्लादेश और नेपाल से भी बदतर हो जाएगा.उनके इस बयान को बीजेपी ने ‘राष्ट्रविरोधी’ और देश में अराजकता फैलाने की कोशिश करार दिया है. पार्टी ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
बीजेपी ने आरोप लगाया कि पिछले तीन चुनाव में नाकाम रहने के बाद कांग्रेस देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है.
पार्टी ने अंसारी के कथित बयान का हवाला दिया कि 40 लाख युवा राहुल गांधी के आदेश का इंतजार कर रहे हैं ताकि वो आगे की कार्रवाई कर सकें.
‘कांग्रेस देश में अराजकता फैलाना चाहती है’
बीजेपी के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा, ‘इरफान अंसारी अराजकता की भाषा बोल रहे हैं। वह कह रहे हैं कि 40 लाख छात्र सड़कों पर उतरेंगे और वे राहुल गांधी के इशारे का इंतजार कर रहे हैं. कांग्रेस ने अपना इरादा साफ कर दिया है. पिछले तीन चुनावों में लगातार नाकाम रहने के बाद कांग्रेस देश में अराजकता फैलाना चाहती है’. उन्होंने कहा कि हम केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि राष्ट्रविरोधी बयानों के लिए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जाए.
इरफान अंसारी ने क्या कहा था
दरअसल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने इंटरव्यू में बातचीत के दौरान दावा किया था कि बीजेपी के शासन में युवा, किसान, मध्यम वर्ग, दलित, आदिवासी और मुस्लिम परेशान हैं तथा उनके बीच गुस्सा बढ़ रहा है. उन्होंने कहा ‘मैं दिल्ली गया था और वहां छात्रों से बात की.
उन्होंने कहा कि 40 लाख युवा सड़कों पर हैं. वो सिर्फ एक आदेश का इंतजार कर रहे हैं. वो राहुल गांधी की बात से आगे नहीं जाएंगे. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इन युवाओं को रोके रखा है. मंत्री ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री सतर्क नहीं हुए तो देश में आपातकाल जैसी स्थिति पैदा हो जाएगी. उन्होंने कहा कि स्थिति बांग्लादेश और नेपाल से भी बदतर होगी.
विश्व हिंदू परिषद ने भी खोला मोर्चा
वहीं विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने झारखंड सरकार के मंत्री इरफान अंसारी पर भड़काऊ बयान देने और राष्ट्र-विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाते हुए उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की है. विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने अंसारी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि झारखंड के मंत्री अपनी जिहादी मानसिकता से बाहर नहीं आ पा रहे हैं और भारत में भी बांग्लादेश एवं नेपाल जैसे हालात पैदा करने का सपना देख रहे हैं.
‘उन्हें शर्म आनी चाहिए और तुरंत माफी मांगनी चाहिए’
बंसल ने कहा, ‘उन्हें शर्म आनी चाहिए और तुरंत माफी मांगनी चाहिए. आपकी यह कहने की हिम्मत कैसे हुई कि केवल इसलिए कि राहुल गांधी के साथ बहुत सारे लोग हैं, आप हमला कर सकते हैं और सत्ता परिवर्तन ला सकते हैं?’. उन्होंने कहा ‘यह भारत-विरोधी एजेंडा अब और नहीं चलेगा’ इरफान अंसारी, अपनी सीमा लांघ रहे हैं. भारत पर हमला करने वाले कई लोग आए और चले गए. यह अब वह भारत नहीं है जो कांग्रेस के शासनकाल में हुआ करता था. यह एक नया भारत है, एक शक्तिशाली भारत है, एक मजबूत भारत है’.
‘ऐसे भड़काऊ बयानों पर कार्रवाई होनी चाहिए’
उन्होंने कहा कि जो कोई भी भारत के लोकतंत्र, संविधान और व्यवस्था को चुनौती देगा, उसे जाना होगा. बंसल ने कांग्रेस नेतृत्व से यह स्पष्ट करने को भी कहा कि क्या वह देश के युवाओं को उकसाना और गुमराह करना चाहती है, और देश को अराजकता की ओर धकेलना चाहती है. उन्होंने कहा, ‘यह सपना कभी सच नहीं होगा’ हाल ही में राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर दिए गए ऐसे भड़काऊ बयानों पर कार्रवाई होनी चाहिए’.
विहिप के प्रवक्ता ने झारखंड के मुख्यमंत्री से अंसारी को तुरंत मंत्रिमंडल से हटाने की अपील की. उन्होंने सवाल किया किया कि राष्ट्र-विरोधी सोच रखने वाला व्यक्ति मंत्रिमंडल का सदस्य कैसे हो सकता है? ऐसे लोगों को अपनी सीमा पता होनी चाहिए’

