Jailer 2 Box Office Collection Day 16: रजनीकांत की जेलर 2 ने काफी स्पीड से अपनी कमाई को आगे बढ़ाया है. पिछले 2-3 दिनों में इसकी कमाई में भारी गिरावट देखने को मिली है. यही वजह है कि फिल्म के लिए 1000 करोड़ रुपये की राह अब मुश्किल होती नजर आ रही है. लेकिन इसके बाद भी हर दिन ये फिल्म अपनी कमाई से कोई ना कोई रिकॉर्ड तोड़ ले जा रही है. फिल्म ने कल ही कई फिल्मों को पीछे छोड़ा था और अब इस फिल्म ने आमिर खान के करियर की ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक पीके को भी पीछे छोड़ दिया है. इस फिल्म ने देश की टॉप 20 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में अपनी जगह बना ली है.

अगर रामायण की रिलीज ना होती तो फिर ये फिल्म आगे भी और बड़े रिकॉर्ड बना सकती थी. लेकिन मार्केट में बड़ी फिल्मों से मिलने वाली चुनौतियों को देखते हुए इस फिल्म से 1000 करोड़ की कमाई करने की उम्मीद लगाना बैमानी होगी. हालांकि अभी भी फिल्म के बारे में ये कहा जा सकता है कि ये आने वाले समय में कई रिकॉर्ड्स तोड़ सकती है. आइए जानते हैं कि वो कौन सी 3 फिल्में हैं जिनका रिकॉर्ड जेलर 2 फिल्म तोड़ सकती है.

जेलर 2 फिल्म ने तोड़ा पीके का रिकॉर्ड

सैकनिल्क की रिपोर्ट्स की मानें तो जेलर 2 फिल्म ने रिलीज के 16वें दिन 5.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. इस कलेक्शन को अगर जोड़ दिया जाए तो फिल्म का 16 दिनों का नेट कलेक्शन 435.40 करोड़ रुपये का हो चुका है. वहीं दूसरी तरफ इस फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 509.45 करोड़ रुपये का हुआ है. ओवरसीज कलेक्शन के मामले में फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया है और 267.50 करोड़ कमा लिए हैं. वहीं दूसरी तरफ फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 776.95 करोड़ रुपये का हो चुका है. आईएमडीबी की रिपोर्ट्स की मानें तो पीके फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 769.89 करोड़ रुपये का रहा था. वहीं दूसरी तरफ जेलर 2 ने 776.95 करोड़ रुपये की कमाई कर के दिखा दी है.

ये भी पढ़ें- आपसे घटिया आदमी कोई नहीं बिग बॉस 20 में स्काउट ओपी पर भड़के सलमान खान, लव गिल विवाद पर लगाई क्लास!

अब ये 3 फिल्में हैं जेलर 2 का टारगेट

इस शानदार कमाई के बाद अपने आप को हाइएस्ट ग्रॉसिंग मूवीज की लिस्ट में और बेहतर पायदान पर ले जाने के लिए रजनीकांत की जेलर 2 को 3 फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ना होगा. इसमें विकी कौशल की छावा का नंबर आता है जिसने दुनियाभर में 807.91 करोड़ रुपये की कमाई की थी. वहीं फिल्म को टॉप 15 में जगह बनाने के लिए ऋषभ शेट्टी की कांतारा चैप्टर 1 का रिकॉर्ड भी तोड़ना होगा. इस फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 853 करोड़ रुपये का है.

वहीं श्रद्धा कपूर की स्त्री 2 फिल्म भी ज्यादा पीछे नहीं है. इस फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 857.15 करोड़ रुपये का है. अगर ये फिल्म 90 करोड़ से 100 करोड़ तक कमा ले जाती है तो इन 3 फिल्मों का रिकॉर्ड भी टूट जाएगा और साथ ही फिल्म 900 करोड़ के करीब भी पहुंच जाएगी. लेकिन 1000 करोड़ की कमाई करने के लिए अभी भी इस फिल्म को 250 करोड़ रुपये के करीब कमाने होंगे जो लगभग इम्पॉसिबल नजर आ रहा है.