Eisha Singh Avinash Mishra: टेलीविजन इंडस्ट्री की चर्चित जोड़ी ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं, लेकिन इस बार वजह उनका रोमांस नहीं बल्कि अनबन की खबरें हैं. कई मीडिया पोर्टल्स और सोशल मीडिया पर फैंस यह दावा कर रहे हैं कि ईशा और अविनाश के रिश्ते में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है और दोनों के बीच दरार आ गई है. हालांकि, इस बात की दोनों में से किसी ने भी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की हैं. दरअसल, इस पूरी चर्चा की शुरुआत तब हुई जब फैंस ने नोटिस किया कि ईशा सिंह ने इंस्टाग्राम से अविनाश मिश्रा को अनफॉलो कर दिया है. दिलचस्प बात यह है कि अविनाश मिश्रा अब भी ईशा को फॉलो कर रहे हैं.
इतना ही नहीं, इसी बीच ईशा सिंह की मां ने भी अपने इंस्टाग्राम पर एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया है, जिसे फैंस मौजूदा हालात से जोड़कर देख रहे हैं. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “समय हर व्यक्ति को उसके कर्मों का दर्पण अवश्य दिखाता है. इसीलिये किसी के व्यवहार से कभी खुद को टूटने नहीं देना है, सही तरीका यही है कि शान्त रहो और अपने रास्ते पर चलते रहो… क्योंकि, उत्तर शब्द नही, समय देता है.” मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि ईशा के अनफॉलो करने और उनकी मां के इस पोस्ट के पीछे अविनाश से जुड़ा कोई विवाद हो सकता है.
एक महीने पहले ही ‘KKK 15’ की पार्टी में लुटाया था प्यार
ये खबरें इसलिए भी चौंकाने वाली हैं क्योंकि करीब एक महीने पहले ही दोनों का एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसे देखकर फैंस मान बैठे थे कि उन्होंने अपने रिश्ते पर मुहर लगा दी है. ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ की सक्सेस पार्टी के इस वीडियो में अविनाश कहते नजर आए थे, “मैं बहुत शुक्रगुजार और खुशकिस्मत हूं कि मेरी जिंदगी में ईशा है.” जब ईशा ने मुस्कुराते हुए पूछा, “आगे तो बोल”, तो अविनाश ने कहा था, “आई लव यू, बेबी” इस पर शर्माते हुए ईशा ने जवाब दिया था, “ओके, आई लव यू टू.”
‘बिग बॉस 18’ से शुरू हुई दोस्ती, ट्रॉफी जीतने पर लिखी थी खास बात
View this post on Instagram
बता दें कि ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा की मुलाकात ‘बिग बॉस 18’ के घर में हुई थी. शो से बाहर आने के बाद भी दोनों अक्सर साथ नजर आए, हालांकि उन्होंने हमेशा खुद को ‘सिर्फ अच्छा दोस्त’ ही बताया. ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ जीतने के बाद भी अविनाश सीधे ईशा के पास गए थे, उन्हें गले लगाया था और गाल पर किस किया था. ईशा ने भी फिनाले की तस्वीरें और ‘सेनोरिटा’ गाने पर डांस का वीडियो शेयर करते हुए लिखा था, “ट्रॉफी आ गई घर! कुछ जीत बेहद निजी होती हैं… बिल्कुल इसी तरह.” फिलहाल, रिश्ते में दरार या अनबन को लेकर मीडिया पोर्टल्स और फैंस द्वारा किए जा रहे इन दावों पर न तो ईशा सिंह की कोई प्रतिक्रिया आई है और न ही अविनाश मिश्रा ने कुछ कहा है. ऐसे में इस बात की पुष्टि नहीं की जा सकती कि दोनों के बीच वाकई कोई दूरी आई है या इसके पीछे कोई और वजह है.

