Assam Crime News: असम के डिब्रूगढ़ जिले के डुलियाजान स्थित कमलाबाड़ी में सोमवार को एक ही परिवार के तीन सदस्य अपने घर के अंदर मृत पाए गए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. मृतकों की पहचान चंद्रकांत भुइयां, उनकी पत्नी एलिजा भुइयां और उनकी बेटी निहारिका भुइयां के रूप में हुई है. तीनों शव घर के अंदर से बरामद किए गए. जानकारी के अनुसार, जब शव मिले, तब घर के दरवाजे और खिड़कियां बंद थीं.

इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है. शुरुआती जानकारी के आधार पर कहा जा रहा है कि अज्ञात बदमाशों ने घर के अंदर ही परिवार के तीनों सदस्यों की हत्या की. सोमवार शाम को एक किरायेदार छठ पूजा का प्रसाद देने परिवार के घर पहुंचा, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद पड़ोसियों को अनहोनी की आंशका हुई, जिसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी.

अलग-अलग कमरों में शव पड़े मिले

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, डिब्रूगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिजीत गौरव दिलीप ने कहा कि पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया तो अलग-अलग कमरों में पति-पत्नी और बेटी के शव पड़े मिले. चंद्रकांत भुइयां ऑयल इंडिया लिमिटेड के सेवानिवृत्त अधिकारी थे. फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया. साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.

हत्याएं कैसे की गईं? पुलिस लगा रही पता

सीसीटीवी कैमरा बंद था. पुलिस उपकरणों से उसका डेटा हासिल करने की कोशिश कर रही है. पुलिस ये पता लगाने में जुटी है कि ये हत्याएं कैसे की गईं. इस ट्रिपल मर्डर के पीछे का मकसद और इसमें शामिल लोगों की पहचान अभी तक पता नहीं चल पाई है. पुलिस घटनाओं के क्रम का पता लगाने और दोषियों की पहचान करने के लिए जांच जुटी हुई है.

ये भी पढ़ें: जेल में कैदी की मौत पर हाई कोर्ट सख्त, पत्नी को 15 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी का आदेश