Kranti Prakash Jha: ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’, ‘मिथिला मखान’, ‘काशी इन सर्च ऑफ गंगा’ से ‘बटला हाउस’ तक…अपनी शानदार एक्टिंग से लोगों का दिल जीतने वाले क्रांति प्रकाश झा किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. उन्होंने पर्दे पर अपनी दमदार अदाकारी से दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी. क्रांति के लिए यहां तक पहुंचने का सफर काफी फिल्मी रहा है. बिहार के भागलपुर से ताल्लुक रखने वाले क्रांति प्रकाश झा के पिता चाहते थे कि उनका बेटा आईपीएस अधिकारी बने. 12वीं के बाद परिवार की उम्मीदों को पूरा करने के लिए वो तैयारियों में लग गए थे. वो सबसे पहले दिल्ली आए और यूपीएससी (UPSC) एग्जाम के लिए जुट गए.
क्रांति प्रकाश झा ने पूरी मेहनत के साथ UPSC की परीक्षा दी. लेकिन महज 2 से 3 नंबरों से वो यूपीएससी क्रैक करने से चूक गए. इतने करीब आकर मिली इस असफलता से वो काफी टूट गए थे. क्योंकि साल में एक ही बार परीक्षा होती है और उस दर्द से उबरना आसान नहीं था. लेकिन उन्होंने हार मानने के बजाय अपनी जिंदगी को एक नई दिशा देने का फैसला किया.
थिएटर से लेकर एड तक का सफर
सिविल सेवा का सपना पीछे छूटने के बाद क्रांति प्रकाश झा ने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा. एक्टिंग की बारीकियां सीखने के लिए उन्होंने कई वर्कशॉप्स जॉइन कीं. और थिएटर करना शुरू किया. उन्होंने आलोक उल्फत के थिएटर ग्रुप ‘अविकल’ और मनीष वर्मा के ‘एक्टर्स कल्ट’ से जुड़कर 150 से ज्यादा नाटकों में काम किया. थिएटर में अपनी कला को निखारने के बाद उन्होंने बतौर मॉडल काम किया है.
View this post on Instagram
MS धोनी की फिल्म में किया काम
क्रांति प्रकाश झा के करियर को सबसे बड़ी उड़ान साल 2016 में रिलीज हुई फिल्म ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ से मिली. इस फिल्म में उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी के जिगरी दोस्त संतोष लाल का किरदार निभाया था. जिन्होंने धोनी को ‘हेलीकॉप्टर शॉट’ सिखाया था. उनके इस किरदार को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था. खुद एक इंटरव्यू में क्रांति ने कहा था कि, ”अच्छा काम जो उन्होंने किया, वो संतोष लाल का किरदार था. वो रोल भी किस्मत से ही मिला, जब मैं स्ट्रगल कर रहा था और मुझे उस शहर से बाहर निकलना था. जब मुझे कॉल आया था, तब मुझे पता भी नहीं था कौनसा रोल मिलने वाला है. जिसके लिए मैंने ऑडिशन दिया, जिसके बाद मैं सर से मिला और एक रीडिंग करवाई. उसके बाद कंफर्म हो गया, पर आखिर तक उन्हें नहीं पता था कौनसा रोल करने वाला था. ”
सुशांत से था खास रिश्ता
सुशांत सिंह राजपूत के साथ काम करने के अनुभव को याद करते हुए क्रांति ने एक इंटरव्यू में बताया था कि दोनों के बिहार से हैं. जिसकी वजह से उनके बीच एक खास जुड़ाव बन गया था. शूटिंग के दौरान वो दोनों साथ में सिंघाड़ा, झालमुरी और बालूशाही खाते थे. और पटना में बिताए अपने पुराने दिनों को याद किया करते थे.

