कांग्रेस छोड़ने के ठीक पांच साल बाद पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह सोमवार को दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ के विमोचन कार्यक्रम शामिल हुए. इस दौरान वह पहली पंक्ति में बैठे नजर आए. इस समय कैप्टन अमरिंदर सिंह भारतीय जनता पार्टी यानी बीजेपी में हैं. 5 साल पहले उन्होंने 7 पन्नों की एक चिट्ठी लिखकर कांग्रेस को अलविदा कह दिया था. अपनी चिट्ठी में उन्होंने सोनिया गांधी और उनके बच्चों पर आधी रात को साजिश रचकर उन्हें पंजाब के मुख्यमंत्री पद से हटाने का आरोप लगाया था.
किताब के विमोचन कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने मंच से 84 साल के अमरिंदर सिंह को देखा और अपने परिवार से जुड़ा एक किस्सा सुनाते हुए उन्हें भी बातचीत में शामिल कर लिया. कार्यक्रम के बाद कैप्टन से सवाल किया गया कि क्या वह 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में वापस एंट्री मार सकते हैं? इसको लेकर उन्होंने साफ इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि वह यहां एक सामाजिक कार्यक्रम में आए हैं. इसमें राजनीति की बातें कहां से आ गईं?
राहुल गांधी अपने माता-पिता की शादी और उनके रिश्ते के बारे में बात कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने 1980 के दशक का एक किस्सा सुनाया. उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता के बीच शायद सिर्फ एक बार ऐसी बहस हुई थी, जिसे झगड़ा कहा जा सकता है. उन्होंने कहा, ‘मैं यहां अमरिंदर सिंह जी को देख रहा हूं… हमने उन्हें (राजीव गांधी और सोनिया गांधी को) बहस करते तो देखा था, लेकिन लड़ते हुए सिर्फ एक बार देखा. संयोग की बात देखिए, जब ऐसा हुआ तब मेरे पिता फोन पर अमरिंदर सिंह जी से बात कर रहे थे… वह इकलौता मौका था जब हमने उन्हें लड़ते हुए देखा. मैंने किसी और घर में ऐसा कभी नहीं देखा.’उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता के बीच कभी-कभी बहस हो जाती थी, लेकिन उनमें से सिर्फ एक को ही ‘झगड़ा’ कहा जा सकता है.
राहुल गांधी ने अमरिंदर को पसंदीदा नेता बताया था
दरअसल, पटियाला के पूर्व शाही परिवार से ताल्लुक रखने वाले अमरिंदर के संबंध राजीव गांधी के समय से हैं. राजीव उनके स्कूल के साथी और दोस्त थे, जो उन्हें कांग्रेस में लेकर आए थे. हाल ही में इंस्टाग्राम पर ‘आस्क-मी-एनीथिंग’ (AMA) सेशन के दौरान राहुल गांधी ने उन्हें अपना “पसंदीदा” नेता बताया. राहुल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अमरिंदर ने कार्यक्रम के कहा कि उन्हें ठीक-ठीक याद नहीं है कि राहुल किस समय की बात कर रहे थे. राजीव गांधी के साथ कई बार बातचीत हुई है.
अमरिंदर ने कांग्रेस में वापसी के सवाल पर कहा, ‘मैं इस परिवार को कई सालों से जानता हूं हमारे बीच बहुत करीबी रिश्ता है… किसी ने मुझसे कभी यह नहीं पूछा कि मुझे उनके साथ जुड़ना चाहिए या नहीं. उनके साथ मेरी बातचीत पूरी तरह से सामाजिक रही है. उन्होंने न तो कभी मुझसे उनके साथ जुड़ने के लिए कहा और न ही ऐसा न करने की सलाह दी. जब मैंने अपनी किताबें लॉन्च की थीं, तो सोनिया जी तीन लॉन्च कार्यक्रमों में शामिल हुई थीं. कई अन्य देशों में लोग अपनी राजनीतिक विचारधारा से अलग हटकर भी सामाजिक रूप से मिलते-जुलते रहते हैं.’
अमरिंदर को लेकर कांग्रेस नेताओं ने क्या कहा?
अमरिंदर की वापसी पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने कहा, ‘मैं उन्हें अच्छी तरह जानता हूं… अगर वे हमारे साथ होते तो बहुत अच्छा होता, लेकिन इसके आगे मैं कुछ नहीं कह सकता.’ पंजाब में पहले सक्रिय रहीं एक अन्य वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी ने कहा कि इस कार्यक्रम का कोई राजनीतिक मतलब नहीं था. इसमें वे लोग शामिल हुए जो व्यक्तिगत रूप से सोनिया गांधी से जुड़े रहे हैं और जिनके उनके साथ करीबी संबंध हैं. जैसा कि अमरिंदर सिंह ने अक्सर कहा है, उनका इस परिवार के साथ करीबी रिश्ता है इसलिए उनका वहां मौजूद होना स्वाभाविक था.

