ओडिशा के क्योंझर जिले में आदिवासी समुदाय के लोगों पर हमले और उनके पूजा स्थल में तोड़फोड़ के मामले में बजरंग दल के पांच कार्यकर्ताओं की गिरफ्तार किया गया था, जिसको लेकर विवाद बढ़ गया है. इस बीच विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है. VHP ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं.
सोमवार को मुख्यमंत्री को लिखे एक पत्र में, VHP के प्रदेश अध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार मिश्रा ने इन गिरफ्तारियों को गैर-कानूनी बताया और आरोप लगाया कि पुलिस की कार्रवाई एकतरफा और भेदभावपूर्ण थी. उन्होंने मामले की समीक्षा करने और आरोपियों को रिहा करने की मांग की है.
23 अक्टूबर को हुई थी घटना
बजरंग दल के इन पांच कार्यकर्ताओं को 10 नवंबर को घासीपुरा पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था. कथित घटना 23 अक्टूबर को हुई थी. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इन कार्यकर्ताओं के खिलाफ ‘भारतीय न्याय संहिता’ और ‘अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम’ की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
आदिवासी लोगों के साथ की मारपीट
इन लोगों पर आरोप है कि इन्होंने गोहत्या के एक आरोप को लेकर आदिवासी लोगों (जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं) के साथ मारपीट की और उनके पूजा स्थल में तोड़फोड़ की. अधिकारी ने बताया कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की शिकायत के बाद एक आदिवासी समूह के खिलाफ अलग से मामला दर्ज किया गया है.
VHP ने पत्र में क्या कहा
VHP ने अपने पत्र में कहा, ‘कुछ लोगों पर गाय को मारने (गोवध) में शामिल होने का आरोप है. मौके पर मौजूद बजरंग दल के सदस्यों ने पुलिस अधिकारियों के सामने इस पर आपत्ति जताई. पुलिस अधिकारियों ने बीच-बचाव करके स्थिति को शांत कराया, जिसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता बिना किसी और विवाद के शांतिपूर्वक वहां से चले गए’
मिश्रा ने आरोप लगाया कि बाद में गोवध के आरोपियों ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया, जिसके बाद बजरंग दल के सदस्य पुलिस के पास गए और शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने कहा ‘हमें बहुत निराशा हुई कि स्थानीय पुलिस ने उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई करने के बजाय, एकतरफा और भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया. इसके बाद, कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया’.
VHP ने गिरफ्तारियों को बताया गैर-कानूनी
इन गिरफ्तारियों को गैर-कानूनी और दुर्भावनापूर्ण बताते हुए VHP के प्रदेश अध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार मिश्रा ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से मांग की कि पुलिस की इस कार्रवाई की निष्पक्ष और कानूनी समीक्षा कराई जाए. VHP ने संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कथित कदाचार, अधिकारों के दुरुपयोग या कर्तव्य में लापरवाही के लिए विभागीय और कानूनी कार्रवाई की भी मांग रकी है.
पुलिस ने आरोपों को किया खारिज
इधर घासीपुरा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि पुलिस ने खुद को बजरंग दल का कार्यकर्ता बताने वाले लोगों के पास से तलवारें समेत कई हथियार बरामद किए हैं.
इस बीच, आदिवासी संगठनों के एक समूह ने बुधवार (18 नवंबर) को क्योंझर शहर में प्रदर्शन करने का आह्वान किया है. बीजू जनता दल का एक प्रतिनिधिमंडल जिसका नेतृत्व पार्टी के आदिवासी सेल के अध्यक्ष सुदाम मरांडी कर रहे थे, ने उस गांव का दौरा किया जहां कथित हिंसा हुई थी और आदिवासी समुदाय के लोगों से मुलाकात की. मरांडी ने कहा ‘ऐसे समय में जब मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी खुद आदिवासी समुदाय से आते हैं, आदिवासियों के पूजा स्थल पर हमला होना बेहद निंदनीय है’.

