Diljit Dosanjh Indore Concert: मशहूर सिंगर दिलजीत दोसांझ का दिल्ली के बाद अब इंदौर में कॉन्सर्ट होने जा रहा है. 15 नवंबर को उनका ये कॉन्सर्ट होने के लिए तय है. अब इंदौर के जिला बाल संरक्षण अधिकारी की तरफ से उनके शो से पहले उनके गानों को लेकर एक बड़ा निर्देश दिया गया है. दरअसल, दिलजीत के 4 ऐसे गाने हैं, जिन्हें वो इंदौर कॉन्सर्ट में परफॉर्म नहीं कर पाएंगे. इंदौर कॉन्सर्ट के लिए उनके 4 गानों पर रोक लगा दी गई है. कहा गया उन गानों का बच्चों पर बुरा असर पड़ सकता है और उनके कॉन्सर्ट में 5 साल+ उम्र के बच्चों की एंट्री है.

इंदौर के जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने दिलजीत दोसांझ के प्रस्तावित कार्यक्रम में उनके 4 मशहूर गीतों की प्रस्तुति नहीं दिए जाने के निर्देश जारी किए हैं. शनिवार को ये जानकारी दी गई. वो 4 गाने हैं- ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विचो फीम’ और ‘जट्ट फायर करदा’. जानिए कि इन गानों पर कॉन्सर्ट में गाने से क्यों रोक लगाई गई.

दिलजीत दोसांझ के गाने पर रोक क्यों?

अधिकारियों की तरफ से कहा गया कि बाल संरक्षण अधिकारी का मानना है कि कथित तौर पर शराब और हिंसा को बढ़ावा देने वाले इन गीतों का छोटे बच्चों पर गल प्रभाव पड़ सकता है. यही वजह है कि इंदौर कॉन्सर्ट में दिलजीत के इन 4 गानों को गाने पर रोक लगा दी गई है.

चंडीगढ़ निवासी डॉ. पंडितराव धारेनावर की शिकायत के बाद बाल संरक्षण अधिकारी ने आयोजन स्थल के प्रबंधक को पत्र लिखकर ये निर्देश दिए. पत्र में कहा गया, ” दिलजीत दोसांझ के इंदौर में 15 नवंबर को आयोजित लाइव कॉन्सर्ट में साल वर्ष से बड़े बच्चों को प्रवेश की अनुमति दी गई है. इन गानों का छोटे बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ता है.” पत्र में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के एक पुराने आदेश का भी जिक्र किया गया.

हाई कोर्ट के किस आदेश का जिक्र?

पत्र में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के 22 जुलाई 2019 के एक आदेश का जिक्र करते हुए कहा गया कि इसमें पंजाब और हरियाणा राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ के पुलिस महानिदेशकों को निर्देश दिया था कि शराब, मादक पदार्थों और हिंसा का महिमामंडन करने वाला कोई भी गाना किसी भी कार्यक्रम में, यहां तक कि लाइव शो में भी नहीं बजाया जाए. अदालत ने अपने आदेश में रेखांकित किया था कि ऐसे गानों का कम उम्र के बच्चों पर प्रभाव पड़ता है.

ये भी पढ़ें-

मुंबई शूटिंग के लिए सबसे खराब शहरप्रलय के सेट पर हुए हंगामे के बाद बोले हंसल मेहता

रामायण ही नहीं, ये हैं इंडियन सिनेमा की 6 सबसे महंगी फिल्में, सभी का बजट है 500 करोड़ से ऊपर

इस आदेश का हवाला देते हुए चंडीगढ़ निवासी धारेनावर ने इंदौर के जिला बाल संरक्षण अधिकारी से शिकायत में ये भी कहा कि दिलजीत दोसांझ के इन गानों के बोल में बदलाव करके भी गाने की इजाजत नहीं मिलनी चाहिए. साथ ही उन्होंने शिकायत में दिलजीत के कार्यक्रम में बच्चों को मंच पर बुलाए जाने और सिंगर द्वारा सीने पर नकली कारतूसों का बेल्ट पहनने पर भी रोक लगाए जाने की मांग की. इस पत्र के बाद ये निर्देश जारी हुए कि इंदौर कॉन्सर्ट में दिलजीत अपने 4 गाने नहीं गा पाएंगे.