Odisha Fire Accident: ओडिशा में दिवाली से पहले एक भीषण अग्निकांड हुआ. इस अग्निकांड में एक ही परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, राज्य के जाजपुर जिले में शनिवार रात एक घर में आग लग गई. इसमें दो बच्चों सहित एक ही परिवार के चार सदस्य जिंदा जलकर काल के गाल में समा गए. यह घटना बालिचंद्रपुर थाना क्षेत्र के नालीपुर गांव की बताई जा रही है.

पुलिस के अनुसार, घर के मालिक निजामुद्दीन की बहू तबस्सुम (42), मायके आई बेटी गुलअफ्सा और (27) और उनके दो बच्चों (क्रमश: 10 साल और आठ साल) की मौत हो गई. इस हादसे में परिवार का एक अन्य सदस्य भी झुलस गया है, जिसकी उम्र 22 साल बताई जा रही है. घटना रात करीब 8.30 बजे हुई, जब तबस्सुम और गुलअफ्सा एलपीजी गैस का इस्तेमाल करके परिवार के लिए खाना बना रही थीं. घर में दो बच्चे भी मौजूद थे.

घर में तेजी से फैली आग

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी बताती है कि घर में लगी आज तेजी से फैलती गई. इससे पूरा घर राख में तब्दील हो गया. आग लगने का सही कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है. आग लगने की वजह से गंभीर रूप से झुलसे युवक को तुरंत बचाकर बड़चना कम्युनिटी हेल्थ सेंटर ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर युवक को तुरंत कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ट्रांसफर किया गया.

घर से बाहर निकलने का एक ही दरवाजा था

बतााया जा रहा है कि चांदीखोल फायर स्टेशन और बालिचंद्रपुर पुलिस कर्मियों की टीम गांव में पहुंची. इसके बाद बचाव और अन्य आवश्यक अभियान शुरू किए गए. चांदीखोल फायर स्टेशन के अधिकारी संतोष कुमार स्वाइन द्वारा आग लगने की घटना की पुष्टि की गई. चांदीखोल फायर स्टेशन के अधिकारी के अनुसार, घर से बाहर निकलने का केवल एक ही दरवाजा था, लेकिन घर के सदस्य बाहर नहीं निकल पाए.

फिलहाल पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया और घटना की जांच में जुट गई है. पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगा रही है. मृतकों के परिवार के अन्य सदस्यों और रिश्तेदारों में मातम पसर गया है.

ये भी पढ़ें: दिवाली पर दिल्ली में हेल्थ अलर्ट! अस्पतालों में बर्न-इमरजेंसी बेड रिजर्व; प्रदूषण बढ़ने का खतरा बढ़ा