Vitamin D Deficiency: शरीर को स्वस्थ रखने के लिए कई तरह के पोषक तत्वों की जरूरत होती है. इन्हीं में से एक है विटामिन D. यह हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाए रखने के साथ शरीर में कैल्शियम को सोखने में भी मदद करता है. इसकी कमी होने पर हड्डियों में दर्द, मांसपेशियों में कमजोरी और थकान जैसी समस्याएं हो सकती हैं.

अक्सर लोग मानते हैं कि रोजाना कुछ देर धूप में बैठने से विटामिन D की कमी दूर हो जाएगी. लेकिन ऐसा हमेशा नहीं होता. शरीर में इसकी सही मात्रा बनाए रखने के लिए कुछ दूसरी बातों (Vitamin D Deficiency) का भी ध्यान रखना जरूरी है.

1. सही समय पर धूप में बैठें

धूप विटामिन D पाने का एक प्राकृतिक जरिया है. जब सूरज की किरणें त्वचा पर पड़ती हैं, तो शरीर खुद विटामिन D बनाने लगता है. हालांकि, सुबह बहुत जल्दी या शाम की हल्की धूप से पर्याप्त विटामिन D नहीं मिल पाता.

इसका कारण यह है कि उस समय UVB किरणें कम होती हैं. धूप में रहने का सही समय और अवधि मौसम, जगह, त्वचा के रंग और प्रदूषण के स्तर पर निर्भर करती है. इसलिए बिना सनबर्न का जोखिम लिए संतुलित धूप लेना जरूरी है.

2. खाने में शामिल करें ये चीजें

सिर्फ धूप पर निर्भर रहने के बजाय खानपान (Vitamin D Deficiency) पर भी ध्यान दें. विटामिन D के लिए डाइट में अंडे की जर्दी, फैटी फिश जैसे सैल्मन और टूना, मशरूम और विटामिन D से फोर्टिफाइड दूध या दूसरे खाद्य पदार्थ शामिल कर सकते हैं. हालांकि, सामान्य खानपान से इसकी जरूरत पूरी करना कई लोगों के लिए मुश्किल हो सकता है.

3. शरीर में विटामिन D का स्तर जांचें

अगर आपको लगातार थकान, हड्डियों में दर्द या मांसपेशियों में कमजोरी महसूस होती है, तो इसे नजरअंदाज न करें. डॉक्टर की सलाह पर 25-hydroxy vitamin D (25-OH D) ब्लड टेस्ट कराया जा सकता है. इससे शरीर में विटामिन D का स्तर पता चलता है.

4. बिना सलाह के सप्लीमेंट न लें

विटामिन D की कमी होने पर डॉक्टर सप्लीमेंट लेने की सलाह दे सकते हैं. लेकिन अपनी मर्जी से इसकी हाई डोज लेना नुकसानदायक हो सकता है. शरीर में इसकी अधिक मात्रा जमा होने से कैल्शियम का स्तर बढ़ सकता है, जिससे किडनी और दूसरी सेहत संबंधी परेशानियां हो सकती हैं.

यह भी पढ़ें: दिवाली पर पटाखों का धुआं बिगाड़ सकता है सेहत, आंखों और फेफड़ों को ऐसे बचाएं

The post शरीर में विटामिन D बढ़ाने के लिए सिर्फ धूप काफी नहीं, इन बातों का रखें ध्यान appeared first on Prabhat Khabar.