बॉलीवुड एक्ट्रेस शरवरी वाघ ने फिल्म इंडस्ट्री में काफी कम समय में ही नाम कमा लिया है. उन्होंने फैंस और फिल्ममेकर्स दोनों का भरोसा जीता है. उन्हें काफी प्रॉमिसिंग प्रोजेक्ट्स मिले हैं लेकिन एक्ट्रेस ने अभी तक अपनी परफॉर्मेंस से निराश नहीं किया. हालांकि ऐसा हो सकता है कि बॉक्स ऑफिस पर उनकी कुछ फिल्मों की परफॉर्मेंस एक्सपेक्टेशन्स के मुताबिक नहीं रही होंगी. लेकिन इसके बाद भी एक्ट्रेस के अभिनय की तारीफ जरूर हुई. अब उन्होंने फैमिली ड्रामा फिल्म ये प्रेम मोल लिया के जरिए पहली बार आयुष्मान खुराना के साथ कोलाबोरेट किया है.

हालिया इंटरव्यू में शरवरी वाघ ने अल्फा की विफलता के बारे में बात की है. इसके अलावा उन्होंने पहली बार सूरज बड़जात्या और आयुष्मान खुराना के साथ काम करने के बारे में भी बात की. आइए जानते हैं कि इस फैमिली ड्रामा फिल्म में काम करने का उनका तजुर्बा कैसा रहा.

अल्फा की विफलता पर क्या बोलीं शरवरी?

शरवरी से पूछा गया कि क्या अल्फा मूवी को लेकर लोग जरा क्रूर थे. इसका जवाब देते हुए एक्ट्रेस ने कहा- जब आप प्यार पाते हैं तो उसे आप दोनों हाथों से स्वीकार करते हैं. आप सारा प्यार ले लेना चाहते हैं. ऐसे में जब आपको किसी बात के लिए क्रिटिसाइज किया जाता है तो उसे भी हमें विनम्रता के साथ लेना चाहिए. अंत में हम फिल्में अपने लिए नहीं बल्कि हमारी ऑडियंस के लिए बनाते हैं. अगर ऑडियंस ने फिल्म एक्सेप्ट नहीं की तो ऐसे में हमें ऑडियंस के प्वाइंट ऑफ व्यू को एक्सेप्ट करना चाहिए. उसे भी हमें पूरे सम्मान और ईमानदारी के साथ कुबूलना चाहिए.

ये भी पढ़ें- किस स्टेट और किस देश में रामायण का वर्डिक्ट कैसा रहा है? यहां जानिए A टू Z डिटेल्स

ये प्रेम मोल लिया को लेकर शरवरी ने क्या कहा?

शरवरी वाघ ने इस साल सफलता और विफलता दोनों का स्वाद बॉक्स ऑफिस पर चखा है. ऐसे में उनसे पूछा गया कि ये प्रेम मोल लिया से उनकी क्या एक्स्पेक्टेशन हैं. इसका जवाब देते हुए शरवरी ने कहा- इस फिल्म में ढेर सारे प्यार के साथ मेरा स्वागत किया गया जैसा हर फिल्म में किया गया है. बॉक्स ऑफिस पर कोई फिल्म कैसा परफॉर्म कर ले जाएगी ये सोच पाना मुश्किल होता है. मैं अपनी फिल्मों को अपने हाथों पर काउंट कर सकती हूं. इतनी कम मूवीज मैंने की हैं. मैं आज अपने सपने को जी रही हूं. जिन निर्देशकों ने मुझपर दाव लगाया है, जिन निर्माणकर्ताओं ने मेरे हुनर पर पैसा लगाया है, ऐसे में अगर मैं खुद को प्रूव कर ले जा रही हूं तो यही मेरी सार्थकता का जीता-जागता प्रमाण है. ये बात मुझे कॉन्फिडेंस देती है और नए किस्म के रोल्स करते रहने के लिए प्रेरित करती है.

ये प्रेम मोल लिया फिल्म की बात करें तो ये 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई है. फिल्म से काफी उम्मीदें लगाई जा रही हैं. 2 दिनों में इस फिल्म ने करीब 10 करोड़ प्रति दिन की औसत से कमाई भी कर के दिखाई है. फिल्म में आयुष्मान खुराना, शरवरी वाघ के अलावा अनुपम खेर, सवानंद किरकिरे और सीमा पाहवा भी नजर आई हैं. देखने वाली बात होगी कि ये मूवी बॉक्स ऑफिस पर इमरान हाशमी की गनमास्टर G9 का मुकाबला कैसे करती है.