Telangana Crime: तेलंगाना में पति-पति के बीच हुआ झगड़ा तीन बच्चों की मौत का कारण बन गया. यहां पति से झगड़ा होने के बाद एक महिला ने अपने तीन बच्चों को पानी की टंकी में फेंक दिया. डूबने की वजह से तीन बच्चों की जान चली गई. महिला बच्चों को टंकी में फेंकने के बाद खुद भी आत्महत्या के इरादे से उसमें कूद गई. हालांकि, महिला को बचा लिया गया है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है. ये पूरी घटना राज्य के रंगारेड्डी जिले के केशमपेटा मंडल के निथिरेकुला गांव में घटी.
मृतक बच्चों की पहचान प्रियंका, जुड़वा बच्चों प्रिंस और प्रीति के रूप में की गई है. प्रियंका दो साल की व प्रिंस और प्रीति सिर्फ आठ महीने के थे. जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चों के पिता कंडेना चेन्नय्या अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए इलेक्ट्रीशियन और कार चालक का काम करते हैं. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कंडेना चेन्नय्या की पत्नी ने श्रीवर्षा ने झगड़े के चलते ये खौफनाक काम किया. हालांकि, दोनों के बीच झगड़ा किस बात को लेकर हुआ ये अभी स्पष्ट नहीं है.
बच्चों को एक-एक करके पानी की टंकी में फेंका
श्रीवर्षा ने अपने तीनों बच्चों को एक-एक करके पानी की टंकी में फेंक दिया. बाद में उसने भी टंकी में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया. लोगों ने श्रीवर्षा को पानी की टंकी में कूदते हुए देख लिया और दोड़कर उसको पानी से बाहर निकाला. तीनों बच्चों को भी टंकी से निकाला गया. हालांकि, उनकी पहले ही मृत्यु हो चुकी थी. श्रीवर्षा बच गई और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. अपने तीनों बच्चों की मौत के बाद पिता कंडेना चेन्नय्या फूट-फूटरकर रो रहे हैं.
पुलिस कर रही है जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. पति-पत्नी के बीच झगड़े की असली वजह क्या थी? श्रीवर्षा को इतना बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर करने वाली परिस्थितियां क्या थीं? उनकी मानसिक स्थिति कैसी है? पुलिस की जांच में ये सभी बातें शामिल हैं. तीन बच्चों की मौत के बाद नित्यारेकुला गांव शोक में डूबा हुआ है.
ये भी पढ़ें: 10 हजार रुपये न चुका पाने पर भड़के CJI सूर्यकांत, अवमानना करने वाले को कहा-इन्हें राज्य का मेहमान बना दो

