देश
स्टालिन और पवार से मिलेंगे खड़गे:सोनिया भी दोनों को परिसीमन बिल का विरोध करने के लिए मनाएंगी, दोनों की पार्टियां बिल के सपोर्ट में
परिसीमन बिल के सपोर्ट का ऐलान कर चुकी DMK और NCP (SP) को कांग्रेस अपने खेमे में लाने की कोशिश करेगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अब स्टालिन और शरद पवार से मिलकर उन्हें मनाएंगे। सोनिया गांधी भी स्टालिन और पवार से बातचीत करके बिल का विरोध करने को कहेंगी। एमके स्टालिन की पार्टी DMK ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बिल के समर्थन का ऐलान किया था। वहीं शुक्रवार को NCP (SP) के विधायक ने कहा था कि शरद पवार बिल के समर्थन को तैयार हैं। पहले समझिए बिल पास कराने के लिए लोकसभा-राज्यसभा में क्या गणित हो सकता है… DMK ने बिल के सपोर्ट का ऐलान किया, सांसदों ने शाह से मुलाकात की शनिवार सुबह DMK सांसदों ने मीटिंग की और बिल के समर्थन का ऐलान किया। सांसद ए राजा ने कहा- हमारी पार्टी तमिलनाडु में सीटों की संख्या बढ़ाने के पक्ष में है। शाम को DMK के सांसदों ने अमित शाह के घर जाकर मुलाकात की। वहीं, शरद पवार की NCP और आंध्र प्रदेश के पूर्व CM जगनमोहन रेड्डी की YSRCP भी बिल के समर्थन का ऐलान कर चुकी हैं। तीनों के 34 सांसद हैं। तीनों के ऐलान के बाद लोकसभा में 97 सांसदों के बैठने की व्यवस्था बदले जाने की खबर आई। DMK और NCP (SP) की सीटिंग भी INDIA ब्लॉक से अलग कर दी गई है। NCP (SP) सांसद सुप्रिया सुले भी कनिमोझी और दयानिधि मारन के साथ बैठेंगी। सुप्रिया सुले के केंद्रीय मंत्री बनने की खबर शनिवार सुबह खबर आई की शरद पवार की पार्टी NCP (SP) परिसीमन बिल पर केंद्र सरकार का समर्थन करेगी, इसके बदले पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले को केंद्र में मंत्री बनाया जा सकता है। पार्टी ने महाराष्ट्र सरकार में एक कैबिनेट और दो राज्य मंत्री पद भी मांगे हैं। पार्टी विधायक जितेंद्र आव्हाड ने शुक्रवार को कहा था कि शरद पवार से चर्चा के बाद परिसीमन बिल का समर्थन करने का फैसला लिया गया है। हालांकि, सुप्रिया सुले ने इस पर बिल का ड्राफ्ट देखने और पार्टी में अंदरूनी चर्चा करने के बाद फैसला लेने की बात कही थी। पीएम ने 7 महीने पुराना VIDEO पोस्ट कर कहा- वादा पूरा करेंगे पीएम मोदी ने शनिवार को महिला आरक्षण को लेकर 53 सेकेंड का पुराना वीडियो X पर पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण की राह में आने वाली हर रुकावट को सरकार दूर करेगी और अपना पुराना वादा पूरा करेगी। पीएम मोदी का वीडियो PM मोदी का यह वीडियो 18 अप्रैल 2026 को देश के नाम संबोधन का है। शनिवार को उसी बयान के वीडियो की क्लिप PM मोदी ने पोस्ट की। उन्होंने कहा, ‘विरोध करने वाली पार्टियां महिलाओं की संसद और विधानसभाओं में भागीदारी बढ़ाने से उन्हें नहीं रोक पाएंगी। मोदी ने कहा कि महिला आरक्षण के लिए देश की 100% नारी शक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है।’ राहुल गांधी बोले- परिसीमन बिल लोकतंत्र खत्म कर देगा राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया है कि भाजपा परिसीमन के जरिए देश का इलेक्टोरल मैप दोबारा बनाकर राजनीतिक फायदा लेना चाहती है। ये अधिकार किसने दिया? उन्होंने कहा कि अब मोदी, शाह और ज्ञानेश कुमार 850 सीटों का नया आइडिया लेकर आए हैं। यह भारतीय लोकतंत्र को खत्म कर देगा। Gen-Z मानते हैं कि देश में वोट चोरी हो रही है। वे मेरे साथ हैं। राहुल ने पूछा कि जब महिला आरक्षण बिल पहले ही पास हो चुका है तो लोकसभा की सीटें 850 करने की जरूरत क्यों है? इसके पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने परिसीमन को लोकतंत्र के लिए खतरा बताया था। कल लोकसभा, 2 दिसंबर को राज्यसभा में पेश होगा बिल केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक पेश करेगी। इसके तहत लोकसभा और सभी राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों की विधानसभा सीटों की संख्या 50% बढ़ाने का प्रस्ताव है। यह बिल राज्यसभा में 2 दिसंबर को आएगा। किस राज्य में कितनी लोकसभा और विधानसभा सीटें बढ़ेंगी, यह तय करने की जिम्मेदारी परिसीमन आयोग की होगी। आयोग महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षित सीटों की पहचान भी करेगा। आयोग में तीन मुख्य सदस्य होंगे। इसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा या रिटायर्ड जज करेंगे। इसके अलावा हर राज्य से 10 सहयोगी सदस्य नामित किए जाएंगे। आयोग के मुख्य सदस्यों में शामिल होंगे चुनाव आयुक्त मुख्य चुनाव आयुक्त या उनके नामित चुनाव आयुक्त और संबंधित राज्य के राज्य निर्वाचन आयुक्त आयोग के अन्य दो सदस्य होंगे। मेघालय और नगालैंड में राज्य निर्वाचन आयुक्त की जगह राज्यपाल की ओर से नामित व्यक्ति यह जिम्मेदारी निभाएगा। आयोग का कार्यकाल केंद्र सरकार तय करेगी। जरूरत पड़ने पर सरकार इसे बढ़ा भी सकेगी। हर राज्य से 5 सांसद और 5 विधायक सहयोगी सदस्य प्रत्येक राज्य से पांच लोकसभा सांसदों को लोकसभा अध्यक्ष नामित करेंगे। पांच विधायकों को संबंधित राज्य विधानसभा के अध्यक्ष नामित करेंगे। ये सहयोगी सदस्य आयोग की बैठकों और चर्चाओं में हिस्सा ले सकेंगे, लेकिन उन्हें मतदान करने या आयोग के फैसलों पर हस्ताक्षर करने का अधिकार नहीं होगा। अप्रैल में 54 वोट से गिर गया था विधेयक इससे पहले 17 अप्रैल को महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर पाया था। इसके पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे। विधेयक को पास होने के लिए 54 वोट और चाहिए थे। इसके बाद सरकार ने इससे जुड़े अन्य विधेयकों को आगे नहीं बढ़ाया था। विधेयक पास कराने के लिए 359 वोटों की जरूरत लोकसभा में फिलहाल 540 सदस्य हैं और तीन सीटें खाली हैं। अगर तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी का निलंबन जारी रहता है, तो स्पीकर समेत 539 सदस्य सदन की कार्यवाही में शामिल हो सकेंगे। स्पीकर को छोड़कर सभी 538 सदस्य मतदान करते हैं, तो विधेयक पास कराने के लिए 359 वोटों की जरूरत होगी। सांसदों की अनुपस्थिति से दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा कम हो जाएगा। तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर सोमवार की बैठक से पहले कल्याण बनर्जी का निलंबन खत्म करने की मांग की है।
यह सामग्री Dainik Bhaskar - India ने प्रकाशित की है; IB9TV ने इसे न लिखा है, न संपादित किया है। मूल ख़बर देखें
