एक छोटे बच्चे को उसके दादाजी ने वायलिन दिया. बच्चा बहुत खुश हुआ और तुरंत कोई सुंदर धुन बजाना चाहता था. लेकिन जब उसने वायलिन बजाया, तो आवाज अच्छी नहीं निकली. उसने दोबारा कोशिश की, इस बार और जोर लगाकर, लेकिन कुछ नहीं बदला. गुस्से और निराशा में उसने वायलिन एक तरफ रख दिया. दादाजी ने पूछा, क्या हुआ बेटा, बजाना क्यों छोड़ दिया? बच्चे ने कहा, शायद मैं इसे बजाने के लिए बना ही नहीं हूं.

दादाजी मुस्कुराकर बोले, अभी दस मिनट ही तो हुए हैं तुम्हें वायलिन पकड़े हुए और तुमने तय कर लिया कि तुम क्या बन सकते हो और क्या नहीं. क्या पता, वह सुंदर धुन तुम्हारे उस रूप का इंतजार कर रही हो, जो अभी तुम्हारे भीतर बना ही नहीं है.

उसके पूरा होने के बीच की दूरी समय

बच्चा सोच में पड़ गया. उसे लगता था कि किसी चीज को दिल से चाहना ही उसे पाने के लिए काफी है. वह नहीं जानता था कि कभी-कभी सपने और उसके पूरा होने के बीच की दूरी समय से नहीं, बल्कि इस बात से तय होती है कि उस दौरान हम कैसे इंसान बनते हैं. हम अक्सर समय को एक ऐसी चाबी मानते हैं, जो हर बंद दरवाजे को खोल देती है. जब कुछ नहीं होता, तो हम कहते हैं कि अभी सही समय नहीं आया है.

कड़वी बातों से टूटे रिश्ते

इस सोच से मन को तसल्ली मिलती है. घाव भरने में समय लगता है. कड़वी बातों से टूटे रिश्ते को फिर से जुड़ने में समय लगता है. कोई हुनर एक दिन में नहीं सीखा जा सकता. लेकिन समय का स्वभाव बड़ा विचित्र है. वह दुख कम कर सकता है, लेकिन जरूरी नहीं कि हमें माफ करना भी सिखा दे. वह हमारी उम्र बढ़ा सकता है, लेकिन जरूरी नहीं कि हमारी समझ भी बढ़े. समय हमें बदलने का अवसर देता है, लेकिन उस अवसर में हम कितना बदलते हैं, यह कुछ हद तक हम पर निर्भर करता है.

प्रवेश परीक्षा में असफल

एक लड़की डॉक्टर बनना चाहती है. वह प्रवेश परीक्षा में असफल हो जाती है और उसके दोस्त मेडिकल कॉलेज पहुंच जाते हैं. महीनों तक उसे लगता है कि जिंदगी में वह पीछे छूट गई है. पिता कहते हैं, फिर कोशिश करो. मां सोचती है कि शायद कोई दूसरा काम उसके लिए बेहतर हो. दोनों उससे प्रेम करते हैं, लेकिन दोनों की सोच अलग है. एक के लिए कोशिश करते रहना साहस है, तो दूसरे के लिए रास्ता बदलना भी साहस है. फैसला लड़की को करना है.

क्या आज भी उसके मन में मरीजों की सेवा करने की वही इच्छा है या अब वह केवल इसलिए संघर्ष कर रही है, क्योंकि उसे अपनी हार स्वीकार नहीं है? एक और साल उसे परीक्षा के लिए तैयार कर सकता है, लेकिन वह किस उद्देश्य के लिए तैयारी कर रही है, इसका उत्तर उसे अपने भीतर ही खोजना होगा.

अनुभव से गुजरे परिणाम

हमारी जल्दबाजी में भी एक गहरी बात छिपी है. हम उस अनुभव से गुजरे बिना परिणाम चाहते हैं, जो परिणाम को अर्थ देता है. बच्चा बचपन जिए बिना बड़ा होना चाहता है. नया कर्मचारी जिम्मेदारी का भार समझे बिना बड़ा पद चाहता है. चोट खाया इंसान अपने भीतर के डर को समझे बिना फिर से किसी पर भरोसा करना चाहता है. लेकिन कुछ तैयारियाँ न उधार ली जा सकती हैं, न जल्दबाजी में पूरी की जा सकती हैं. वे गलतियों, निराशाओं, अभ्यास और सोच-विचार से होती हैं.

डर को तैयारी का नाम

समय से पहले मिली जिम्मेदारी बोझ लग सकती है, जबकि वर्षों की तैयारी के बाद वही जिम्मेदारी आनंद देने लगती है. लेकिन धैर्य का भी एक खतरा है. कहीं हम इंतजार करने के इतने आदी तो नहीं हो गए हैं कि अपने भीतर हो रहे बदलाव को देखना ही भूल गए हैं? कभी-कभी हम अपनी हिचकिचाहट को समझदारी और अपने डर को तैयारी का नाम दे देते हैं. इसलिए इंतजार में केवल उम्मीद नहीं, जागरूकता भी जरूरी है.

अपनी कौन-सी आदत बदली?

आज मैंने ऐसा क्या समझा, जो कल नहीं समझता था? अपनी कौन-सी आदत बदली? किस कठिन सच्चाई को स्वीकार किया? यदि वर्ष बीत रहे हैं, लेकिन हमारे भीतर कुछ भी नहीं बदल रहा, तो शायद हम आने वाले कल की तैयारी नहीं कर रहे, बल्कि आज को यूं ही गुजरने दे रहे हैं. एक और सच्चाई है, जिस पर हम कम सोचते हैं. देर से मिलने वाला हर अवसर पुरस्कार नहीं होता और हाथ से निकल जाने वाला हर अवसर नुकसान नहीं होता. कभी-कभी हमें समझ आता है कि जिस चीज को हम कभी बड़ी बेचैनी से चाहते थे, उसे पाने के लिए ऐसा जीवन जीना पड़ता, जिसे हम जीना ही नहीं चाहते.

कोई पद हमें पहचान तो दे सकता है, लेकिन हमारा मनपसंद काम छीन सकता है. कोई रिश्ता साथ तो दे सकता है, लेकिन उसमें हमें अपने असली स्वभाव को छिपाकर जीना पड़ सकता है. बढ़ती उम्र हमें इन बातों को समझने की ताकत देती है. शायद वर्षों ने अवसरों को नहीं बदला, बल्कि उन्हें देखने की हमारी समझ बदल दी है.

हमारा समय कब आएगा?

शायद हमें केवल यह पूछना छोड़ देना चाहिए कि हमारा समय कब आएगा. हमें यह भी सोचना चाहिए कि जब वह समय आएगा, तो वह हमें किस रूप में पाएगा. क्या तब तक हम सुनना, धैर्य से काम करना, अपनी गलतियां स्वीकार करना और जीवन में जरूरी चीजों को पहचानना सीख चुके होंगे? या हम वही डरे हुए इंसान होंगे, जो आज भी उम्मीद कर रहे हैं कि समय वह काम कर देगा, जिसे अपने भीतर हमें स्वयं करना था?

दुनिया के बदलने का इंतजार

वह बच्चा फिर से वायलिन सीखने लगा. किसी दिन अच्छी धुन निकलती, तो किसी दिन सुर बिगड़ जाते. लेकिन धीरे-धीरे उसने यह पूछना छोड़ दिया कि वह संगीतकार कब बनेगा. अब वह समझने लगा था कि उसकी हर गलती उसे क्या सिखा रही है. जिस अवसर का हम जीवनभर इंतजार करते रहे हैं, यदि वह कल हमारे सामने आ जाए, तो क्या हम उसे पाने के लिए तैयार होंगे या हमने इतने वर्ष केवल दुनिया के बदलने के इंतजार में बिता दिए और खुद वहीं के वहीं रह गए?