Winter Phone Charging Tips: सर्दियों में फोन का इस्तेमाल करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है. खासकर जब बात फोन चार्ज करने की हो, तो छोटी-सी लापरवाही भी परेशानी की वजह बन सकती है. कई लोग ठंड से बचने के लिए फोन को कंबल के अंदर रख लेते हैं या हीटर के पास चार्जिंग पर लगा देते हैं. कुछ लोग बाहर से घर लौटते ही बिना रुके फोन चार्ज करने लगते हैं. ऐसी आदतें फोन की बैटरी पर बुरा असर डाल सकती हैं.

दरअसल, स्मार्टफोन की बैटरी एक तय तापमान में बेहतर तरीके से काम करती है. बहुत ज्यादा ठंड या गर्मी दोनों ही बैटरी के लिए ठीक नहीं हैं. खासकर चार्जिंग के समय फोन का तापमान सामान्य रहना चाहिए. अगर आप भी सर्दियों में फोन चार्ज करते समय कुछ ऐसी गलतियां करते हैं, तो आज ही अपनी आदत बदल लें. आइए जानते हैं किन तीन बातों का ध्यान रखना जरूरी है.

1. ठंड से लौटते ही फोन चार्जिंग पर न लगाएं

अगर आप काफी देर तक बाहर ठंड में रहे हैं और घर आते ही फोन चार्ज करने लगते हैं, तो ऐसा करने से बचें. बहुत ठंडे तापमान में फोन की बैटरी सामान्य तरीके से काम नहीं कर पाती. लिथियम-आयन बैटरी पर कम तापमान का असर पड़ सकता है. ऐसे में ठंडे फोन को तुरंत चार्ज करना सही नहीं है.

क्या करें?

बाहर से आने के बाद फोन को कुछ देर कमरे में सामान्य तापमान पर रखा रहने दें. जब फोन का तापमान ठीक हो जाए, तब उसे चार्जिंग पर लगाएं. फोन को जल्दी गर्म करने के लिए हीटर या किसी गर्म चीज के पास रखने की गलती न करें.

2. हीटर या ब्लोअर के पास रखकर फोन चार्ज न करें

सर्दियों में कमरे को गर्म रखने के लिए लोग हीटर और ब्लोअर का इस्तेमाल करते हैं. कई बार फोन भी इन्हीं के पास रखकर चार्ज करने लगते हैं. लेकिन ऐसा करना ठीक नहीं है. हीटर से निकलने वाली गर्म हवा फोन को जरूरत से ज्यादा गर्म कर सकती है. इससे बैटरी की सेहत पर असर पड़ सकता है. ज्यादा गर्म होने पर फोन में दूसरी परेशानियां भी आ सकती हैं.

क्या करें?

फोन को हमेशा सामान्य कमरे के तापमान पर चार्ज करें. इसे हीटर, ब्लोअर या किसी गर्म जगह से दूर रखें. चार्जिंग के लिए ऐसी जगह चुनें, जहां फोन के आसपास हवा आती-जाती रहे.

3. कंबल या तकिए के नीचे रखकर चार्ज न करें

ठंड के दिनों में कई लोग बिस्तर पर बैठकर फोन चलाते हैं. ऐसे में फोन चार्जिंग पर लगाकर कंबल या तकिए के नीचे रख देते हैं. लेकिन यह आदत सही नहीं है. चार्जिंग के दौरान फोन थोड़ा गर्म हो सकता है. कंबल या तकिए के नीचे रखने से फोन की गर्मी बाहर नहीं निकल पाती. इससे फोन ज्यादा गर्म हो सकता है और चार्जिंग के दौरान परेशानी भी हो सकती है.

क्या करें?

फोन चार्ज करते समय उसे टेबल या किसी सख्त और खुली जगह पर रखें. ध्यान रखें कि फोन के ऊपर कंबल, कपड़ा या तकिया न हो. चार्जिंग के दौरान लंबे समय तक गेम खेलने या ज्यादा हैवी ऐप चलाने से भी बचें.

यह भी पढ़ें: दिमाग को रखना है एक्टिव और हेल्दी? डाइट में शामिल करें ये 5 फूड्स, एक्सपर्ट ने बताए फायदे

The post सर्दियों में फोन चार्ज करने का तरीका बदलें, इन 3 गलतियों से बैटरी हो सकती है खराब appeared first on Prabhat Khabar.