Avinash Mishra And Eisha Singh: टीवी एक्टर अविनाश मिश्रा और ईशा सिंह के रिश्ते को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही थीं. पहले प्यार और फिर कुछ टाइम बाद ब्रेकअप की खबरें सोशल मीडिया पर फैल गईं. अब ब्रेकअप की खबरों के बीच अविनाश मिश्रा ने सामने आकर पूरी सच्चाई बताई है. सोशल मीडिया पर जारी किए गए तीन वीडियो में अविनाश ने ब्रेकअप को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी है. और माना है कि रिश्ता टूटने के पीछे उनकी ही गलती रही है.
वीडियो में अविनाश ने बताया कि पिछले कई दिनों से चल रही बातों और सोशल मीडिया पर बन रहे एडिट्स को रोकना जरूरी है. उन्होंने कहा कि ”डीजे में उन्होंने एक गाना चला दिया था, जिसके कई मतलब निकाले जाने लगे और तरह-तरह के एडिट्स बनने लगे. इस पूरे मामले से ईशा, उनके परिवार और करीबियों को सबसे ज्यादा चोट पहुंची है. उनका ऐसा कोई इरादा नहीं था, लेकिन जो कुछ भी हुआ उसके लिए वो माफी मांगते हैं.”
अविनाश मिश्रा ने मांगी ईशा से माफी
इतना ही नहीं, अपने ब्रेकअप का जिक्र करते हुए अविनाश ने कहा कि ”उनके अलग होने के पीछे भी अगर किसी को दोष दिया जाना चाहिए, तो वो खुद हैं.” उन्होंने माना कि वहां भी उनकी ही गलती थी और वो सिर्फ माफी मांगने के लिए सामने आए हैं. इसके साथ ही अविनाश ने लोगों से रिक्वेस्ट की, कि इस मामले में ईशा के परिवार और दोस्तों को न घसीटा जाए. उन्होंने कहा कि यह दो लोगों के बीच की बात है, इसलिए परिवार और दोस्तों को इस तरह के मैसेज या धमकियां न भेजी जाएं. और इस मुद्दे को यहीं खत्म कर दिया जाए.”
आखिर में अविनाश ने कहा कि उन्हें खुद पर काम करने और खुद को ठीक करने की जरूरत है. उन्होंने बताया कि वो खुद को सुधारने के बाद ही वापस लौटेंगे. और तब तक सभी से अपना ख्याल रखने की रिक्वेस्ट करते हुए उन्होंने इस पूरे मामले को खत्म करने की बात कही है.
छा गया था ये इमोशनल मोमेंट
दरअसल ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ जीतने के बाद अविनाश मिश्रा ने ईशा सिंह को गले लगाया था. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था. वहीं, ईशा भी रोती हुईं दिखाई दी थीं. जिसके चलते दोनों के रिश्ते पर मुहर लग गई थी. अब दोनों के रास्ते अलग हो गए हैं.

