Things to Know Before First Period: लड़कियों की जिंदगी में एक उम्र ऐसी आती है, जब उनका शरीर तेजी से बदलने लगता है. कभी चेहरे पर पिंपल्स आने लगते हैं, तो कभी ब्रेस्ट का विकास और शरीर पर बाल दिखने लगते हैं. ये सभी बदलाव बड़े होने की प्रक्रिया का हिस्सा हैं. इसी दौरान लड़कियों को पहली बार पीरियड्स भी आते हैं. हालांकि, कई लड़कियों के लिए यह अनुभव थोड़ा डराने वाला हो सकता है.

उन्हें समझ नहीं आता कि शरीर में अचानक खून क्यों आ रहा है और इस दौरान क्या करना चाहिए. ऐसे में जरूरी है कि पहली बार पीरियड्स आने से पहले ही लड़कियों को इसकी सही जानकारी हो. आइए जानते हैं ऐसी 7 जरूरी बातें, जिन्हें हर लड़की को जरूर पता होना चाहिए.

1. पीरियड्स आना बिल्कुल सामान्य है

पीरियड्स यानी मासिक धर्म लड़कियों के शरीर में होने वाली एक प्राकृतिक प्रक्रिया है. यह इस बात का संकेत है कि शरीर में हार्मोनल बदलाव हो रहे हैं और प्रजनन तंत्र विकसित हो रहा है. इसमें डरने या शर्म महसूस करने की कोई जरूरत नहीं है.

2. पहली बार पीरियड्स कब आते हैं?

आमतौर पर लड़कियों को 12 साल की उम्र के आसपास पहली बार पीरियड्स (Things to Know Before First Period) आते हैं. हालांकि, किसी को 8 साल की उम्र में तो किसी को इससे कुछ साल बाद भी शुरुआत हो सकती है. हर लड़की का शरीर अलग होता है. इसलिए दूसरी लड़कियों से अपनी तुलना नहीं करनी चाहिए.

3. पीरियड्स आने से पहले दिखते हैं कुछ संकेत

पहली बार पीरियड्स आने से पहले शरीर में कुछ बदलाव नजर आ सकते हैं. जैसे ब्रेस्ट का विकास, बगल और प्राइवेट पार्ट के आसपास बाल आना और सफेद या पारदर्शी डिस्चार्ज होना. कुछ लड़कियों को पेट में हल्का दर्द या मूड में बदलाव भी महसूस हो सकता है.

4. पहली बार खून का रंग अलग हो सकता है

पहली बार पीरियड्स आने पर खून हमेशा चमकदार लाल हो, ऐसा जरूरी नहीं है. इसका रंग लाल, गहरा लाल या भूरा भी हो सकता है. शुरुआत में खून की कुछ बूंदें या हल्के धब्बे दिखना भी सामान्य है.

5. सैनिटरी पैड का इस्तेमाल करना सीखें

पहली बार पीरियड्स आने पर सैनिटरी पैड इस्तेमाल करना आसान विकल्प हो सकता है. पैड को लगभग 4-6 घंटे में बदलना चाहिए. अगर पैड गीला या पूरी तरह भर गया है, तो इसे पहले भी बदल लें.

6. साफ-सफाई का रखें खास ध्यान (First Period Tips)

पीरियड्स के दौरान रोज नहाना और प्राइवेट पार्ट के बाहरी हिस्से को साफ पानी से धोना जरूरी है. सैनिटरी पैड समय पर बदलें और साफ अंडरवियर पहनें. इस्तेमाल किए गए पैड को कागज में लपेटकर कूड़ेदान में डालें.

7. परेशानी होने पर बड़ों से बात करें

अगर पीरियड्स के दौरान बहुत ज्यादा दर्द हो, खून असामान्य रूप से ज्यादा आए या कमजोरी महसूस हो, तो माता-पिता या किसी भरोसेमंद बड़े को जरूर बताएं.

जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह लें. अगर 15 साल की उम्र तक पीरियड्स शुरू नहीं होते हैं, तो भी डॉक्टर से मिलना चाहिए.

यह भी पढ़ें: सिगरेट की लत पड़ सकती है भारी, COPD के इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज

The post पहली बार पीरियड्स आने वाले हैं? हर लड़की को पहले से पता होनी चाहिए ये 7 जरूरी बातें appeared first on Prabhat Khabar.