Sharad Kapoor: बॉलीवुड एक्टर शरद कपूर इन दिनों काफी मुश्किल वक्त से गुजर रहे हैं. काम की कमी से जूझ रहे शरद ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक इमोशनल वीडियो शेयर किया. साथ ही इंडस्ट्री से काम की गुहार लगाई थी. उनके इस वीडियो के वायरल होने के बाद फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे उनकी मदद के लिए आगे आए हैं. सबसे पहले सोनू सूद ने शरद कपूर से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया. और इसके बाद सलमान खान ने भी उन्हें मदद का भरोसा दिया. अब इस कड़ी में फिल्म ‘जोश’ में उनके को-स्टार रह चुके शाहरुख खान का नाम भी जुड़ गया है.

हाल ही में बातचीत के दौरान शरद कपूर ने खुलासा किया कि उनका इमोशनल वीडियो देखने के बाद शाहरुख खान ने उन्हें खुद फोन किया. शरद ने बताया कि शाहरुख ने उनकी मौजूदा हालत के बारे में पूछा. किंग खान ने शरद को हिम्मत देते हुए कहा कि वो बिना किसी झिझक के अपनी पसंद का काम करें. और उन्हें जिस भी तरह की मदद की जरूरत होगी, वो हमेशा उनके साथ खड़े हैं. साल 2000 में आई सुपरहिट फिल्म ‘जोश’ में शरद कपूर ने प्रकाश का किरदार निभाया था. जो शाहरुख खान के किरदार मैक्स का दुश्मन था.

शरद कपूर की मदद के लिए आगे आए शाहरुख

‘नवभारत टाइम्स’ के साथ बातचीत में शरद कपूर ने बताया कि उनसे शाहरुख खान ने बातचीत की है. एक्टर ने बताया, ”शाहरुख खान ने कहा कि आप जो चाहें और जो करना चाहते हैं, वह करें. मैं आपकी मदद करने के लिए तैयार हूं. मैं जल्द ही आर्यन खान से मिलूंगा.”

इसके बाद उन्होंने ‘जोश’ की शूटिंग के दौरान शाहरुख के साथ काम करने का किस्सा शेयर किया. वो कहते हैं- ”हमारी बहुत अच्छी बॉन्डिंग थी. जब भी वह किसी डायलॉग पर अटक जाते थे, तो मैं उनकी मदद करता था. भले ही वो सीन मेरे खिलाफ ही क्यों न हो, क्योंकि मैं एक अच्छी फिल्म बनाना चाहता था और शाहरुख एक कॉन्फिडेंट एक्टर हैं, वह बहुत बड़े आदमी हैं.”

सोनू सूद ने की एक्टर की मदद

उसी इंटरव्यू में शरद ने बताया कि सोनू सूद ने उनके पैर की चोट के इलाज के लिए डॉक्टरों की एक टीम और मेडिकल फैसिलिटी का इंतजाम किया. वो इलाज के लिए कर्जत जाएंगे. इससे पहले, ‘ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन’ ने भी सलमान और सोनू की तारीफ की थी. क्योंकि उन्होंने शरद की जिंदगी के मुश्किल दौर में उनकी मदद की थी.