उत्तर प्रदेश के गोंडा में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान योगगुरु बाबा रामदेव ने सनातन धर्म, देवी-देवताओं की मान्यताओं और कथावाचकों की भूमिका को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी कथाकार को देवी-देवताओं और अवतारी सत्ताओं की आपस में तुलना नहीं करनी चाहिए. सनातन धर्म में सभी देवी-देवताओं के प्रति अभेद दृष्टि रखने की परंपरा है. किसी एक की महिमा बताने के लिए दूसरे को छोटा दिखाना उचित नहीं है.

बाबा रामदेव की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब भगवान राम और भगवान कृष्ण को लेकर कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के हालिया बयान पर चर्चा और विवाद हो रहा है. रामदेव ने अपने बयान में धीरेंद्र शास्त्री का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन कथाकारों को देवी-देवताओं की तुलना नहीं करने की नसीहत को उनके बयान से जोड़कर देखा जा रहा है.

‘सनातन का अपमान करने वालों पर चलेगा कानूनी डंडा’

रामदेव ने कहा कि कुछ लोग शास्त्रों के प्रक्षिप्त अंशों का सहारा लेकर देवी-देवताओं और अवतारी सत्ताओं को बदनाम करने का प्रयास करते हैं. ऐसे मिथ्या आरोपों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सनातन का अपमान करने वालों पर कानून का डंडा भी चलेगा और सनातन का डंडा भी चलेगा.

राम, कृष्ण और शिव में भेद नहीं, सबके प्रति अभेद दृष्टि जरूरी

बाबा रामदेव ने सनातन परंपरा की मूल भावना का जिक्र करते हुए कहा कि समाज में जातीय उन्माद, जात-पात, ऊंच-नीच और स्त्री-पुरुष के बीच भेदभाव की कोई जगह नहीं होनी चाहिए. सभी को एक होकर और नेक होकर देश को शक्तिशाली बनाने की दिशा में काम करना चाहिए.

उन्होंने कहा कि सनातन धर्म का संदेश विभाजन नहीं, बल्कि एकता और समरसता है. देवी-देवताओं के नाम पर किसी तरह का भेद पैदा करना भी इसी मूल भावना के विपरीत है.

कथावाचकों के बयानों पर जोड़ देख जा रहा है..

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से धार्मिक मंचों से दिए जा रहे बयानों को लेकर बहस तेज है. भगवान राम और कृष्ण से जुड़े कथनों के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री चर्चा में हैं. ऐसे में बाबा रामदेव का कथाकारों को सीधे तौर पर यह संदेश देना कि वे देवी-देवताओं की तुलना न करें, काफी अहम माना जा रहा है.

खास बात ये है कि रामदेव ने केवल धार्मिक मर्यादा की बात नहीं की, बल्कि सनातन धर्म और देवी-देवताओं के अपमान के नाम पर कथित भ्रामक टिप्पणियां करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी. उनके बयान से साफ है कि धार्मिक मंचों से होने वाली बयानबाजी और उसकी मर्यादा को लेकर संत समाज के भीतर भी अपनी-अपनी राय सामने आ रही है.