Aparajita Flower Night Cream: बढ़ती उम्र के साथ चेहरे पर झुर्रियां, महीन रेखाएं और त्वचा का ढीलापन नजर आने लगता है. ऐसे में महिलाएं अपनी स्किन केयर को लेकर ज्यादा सतर्क हो जाती हैं. कोई महंगे एंटी-एजिंग प्रोडक्ट्स खरीदता है, तो कोई घरेलू नुस्खे आजमाता है.

लेकिन क्या आपने कभी अपराजिता के खूबसूरत नीले फूलों से नाइट क्रीम बनाने के बारे में सोचा है? घर के बगीचे में आसानी से मिलने वाले इन फूलों से आप एक हल्की होममेड क्रीम तैयार कर सकती हैं. आइए जानते हैं बनाने का तरीका. 

Aparajita Flower Night Cream: नाइट क्रीम बनाने के लिए सामग्री

  • 8-10 अपराजिता के फूल
  • 2 कप पानी
  • 1 छोटा चम्मच कॉर्न फ्लोर
  • 1 छोटा चम्मच एलोवेरा जेल
  • 3-4 बूंद बादाम का तेल
  • 2 विटामिन E कैप्सूल

इस तरह तैयार करें अपराजिता की नाइट क्रीम

  • सबसे पहले अपराजिता के फूलों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. अब एक पैन में 2 कप पानी डालकर गर्म करें.
  • इसमें फूल डालें और धीमी आंच पर तब तक उबालें, जब तक पानी का रंग नीला न हो जाए. इसके बाद गैस बंद करके पानी को ठंडा होने दें और छान लें.
  • अब एक अलग कटोरी में थोड़ा-सा तैयार नीला पानी लें और उसमें कॉर्न फ्लोर अच्छी तरह मिलाएं, ताकि गांठें न बनें.
  • इसके बाद इस मिश्रण को पैन में डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं. जब यह हल्का गाढ़ा होने लगे, तो गैस बंद कर दें.
  • मिश्रण ठंडा होने के बाद इसमें एलोवेरा जेल, बादाम का तेल और विटामिन E कैप्सूल का तेल मिलाएं.
  • सभी चीजों को अच्छी तरह फेंट लें. आपकी होममेड नाइट क्रीम तैयार है.

चेहरे पर लगाने का सही तरीका

रात को सोने से पहले चेहरे को अच्छी तरह साफ कर लें. अब इस क्रीम (Aparajita Flower Night Cream) की थोड़ी मात्रा लेकर चेहरे और गर्दन पर हल्के हाथों से लगाएं. इसे आंखों के आसपास लगाने से बचें. नियमित स्किन केयर के हिस्से के रूप में इसका इस्तेमाल किया जा सकता है, बशर्ते आपकी त्वचा इसे सूट करे.

इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान

अमेरिकी संस्था FDA के मुताबिक, घर पर तैयार किए गए कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स में बैक्टीरिया और दूसरे सूक्ष्मजीवों से संक्रमण का खतरा हो सकता है. इसलिए क्रीम बनाने के लिए साफ बर्तन इस्तेमाल करें और इसे लंबे समय तक स्टोर करने से बचें.

रंग, गंध या बनावट में बदलाव दिखे, तो इसे फेंक दें. इस्तेमाल से पहले पैच टेस्ट जरूर करें. जलन, खुजली या लालिमा होने पर इसका इस्तेमाल बंद कर दें.

यह भी पढ़ें: चुकंदर और गुलाब से घर पर बनाएं नेचुरल ब्लश, गालों पर आएगा गुलाबी निखार

The post अपराजिता के फूलों से घर पर बनाएं होममैड नाइट क्रीम, स्किन रहेगी मुलायम और फ्रेश appeared first on Prabhat Khabar.