Carrot Growing Tips: सर्दियों में गाजर से हलवा, जूस, अचार और कई तरह की सब्जियां बनाई जाती हैं. इस मौसम में बाजार में ताजी गाजर आसानी से मिल जाती है. लेकिन आप चाहें तो इसे घर पर भी उगा सकते हैं. इसके लिए बड़े बगीचे या खेत की जरूरत नहीं है. छत, बालकनी या आंगन में रखे गमले और ग्रो बैग में भी गाजर उगाई जा सकती है. हालांकि, कई बार बीज लगाने के बाद भी पौधे नहीं निकलते. इसकी वजह मिट्टी तैयार करने से लेकर बीज बोने के तरीके में हुई गलतियां हो सकती हैं. सही तरीका अपनाकर आप घर पर भी ताजी गाजर उगा सकते हैं.

बीज अंकुरित नहीं होने की वजह

गमले में गाजर के बीज लगाने के बाद अगर पौधे नहीं निकल रहे हैं, तो इसकी वजह बीज बोने का गलत तरीका हो सकता है. बीजों को बहुत गहराई में दबाने से उनके अंकुर बाहर नहीं आ पाते. वहीं, मिट्टी की सतह पर खुले पड़े बीज सूख सकते हैं. इसके अलावा मिट्टी में नमी की कमी या जरूरत से ज्यादा पानी देने से भी अंकुरण प्रभावित होता है. इसलिए बीज लगाने के बाद मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखना जरूरी है.

मिट्टी तैयार करने का सही तरीका

गाजर उगाने के लिए सबसे पहले पर्याप्त गहराई वाला गमला या ग्रो बैग चुनें. इसमें सामान्य मिट्टी के साथ गोबर की खाद और वर्मीकॉम्पोस्ट अच्छी तरह मिला लें. मिट्टी भुरभुरी होनी चाहिए, ताकि गाजर की जड़ आसानी से नीचे की ओर बढ़ सके. गमले के निचले हिस्से में पानी निकलने के लिए छेद जरूर रखें. इससे पानी जमा नहीं होगा और पौधों की जड़ों को नुकसान पहुंचने का खतरा कम रहेगा.

ऐसे लगाएं गाजर के बीज

मिट्टी तैयार होने के बाद उसमें हल्की-हल्की सीधी लाइनें बना लें. अब इन लाइनों में थोड़ी दूरी पर गाजर के बीज डालें. बीजों को बहुत गहराई में दबाने के बजाय ऊपर से मिट्टी की पतली परत डालकर ढक दें. इसके बाद हल्के हाथों से पानी का छिड़काव करें. तेज धार से पानी डालने पर बीज अपनी जगह से हट सकते हैं. शुरुआती दिनों में मिट्टी को सूखने न दें और जरूरत के अनुसार पानी देते रहें.

अक्टूबर-नवंबर में बोएं गाजर के बीज

गाजर के बीज लगाने के लिए अक्टूबर और नवंबर का महीना अच्छा माना जाता है. इस समय मौसम गाजर की ग्रोथ के अनुकूल रहता है. सही तापमान और नमी मिलने पर बीजों को अंकुरित होने में करीब 10 से 15 दिन लग सकते हैं. हालांकि, मौसम और बीज की गुणवत्ता के अनुसार इसमें समय कम या ज्यादा भी हो सकता है. पौधे निकलने के बाद गमले को ऐसी जगह रखें, जहां उन्हें पर्याप्त धूप मिल सके.

पौधों के बीच बनाए रखें दूरी

गाजर के पौधे निकलने के बाद गमले में कई बार बहुत घने दिखाई देते हैं. ऐसे में सभी पौधों को एक साथ बढ़ने देने से उनकी जड़ों को पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती. इससे गाजर का आकार प्रभावित हो सकता है. इसलिए कमजोर और बहुत पास उगे पौधों को सावधानी से हटा दें. बाकी पौधों के बीच उचित दूरी रखें, ताकि उनकी जड़ें मिट्टी में अच्छी तरह फैल सकें.

यह भी पढ़ें: बाजार से नहीं खरीदने पड़ेंगे आलू, गमले में ऐसे उगाएं ताजे आलू

The post गमले में नहीं उग रही गाजर, तो बीज बोते समय न करें ये गलतियां appeared first on Prabhat Khabar.