हमारे देश में जब भी किसी फिल्म के नाम में ‘पार्टी’ या ‘एनिमल्स’ जुड़ता है, तो दर्शक या तो फुल धमाल की उम्मीद करते हैं या फिर दिमाग को ताक पर रखकर बैठने की तैयारी कर लेते हैं. रवि छाबड़िया के निर्देशन में बनी ‘पार्टी एनिमल्स’ भी कुछ ऐसी ही फिल्म है, जो ट्रेलर में एक मस्तीभरी, बेफिक्र दोस्ती और नए साल की रात के पागलपन का वादा करती है. लेकिन वादे और हकीकत के बीच अक्सर वही खाई दिखती है, जो शादी के कार्ड पर छपे ‘स्वादिष्ट व्यंजन’ और हकीकत में पनीर की सब्जी में पनीर ढूंढने के बीच होती है. विराज घेलानी और अर्जुन तंवर जैसे चेहरों के साथ ये फिल्म यह दिखाने की कोशिश करती है कि जब दो बचपन के दोस्त एक ग्रैंड पार्टी में मिलते हैं, तो क्या-क्या गुल खिलते हैं. सवाल सीधा है, क्या ये फिल्म दर्शकों को ठहाके लगाने पर मजबूर करती है, या फिर बस शोर-शराबे और बेवजह की भागदौड़ में उलझकर रह जाती है? आइए, विस्तार से इस ‘पार्टी’ का हिसाब-किताब लगाते हैं.
कहानी
कहानी की शुरुआत बचपन के उस दौर से होती है, जहां मन (विराज घेलानी) और अरमान खन्ना (अर्जुन तंवर) पक्के जिगरी दोस्त हैं. स्कूल के दिनों में लाउडस्पीकर पर सिमरन (जान्या जोशी) से प्यार का इजहार करवाने से लेकर बड़े होने तक, दोनों की दोस्ती की नींव दिखाई जाती है. वक्त के साथ दोनों की राहें और हालात बदलते हैं, अरमान अपने अमीर पिता की फिल्म में हीरो बनने की तैयारी में है, जबकि मन अपने पिता की फरसाण की दुकान संभालने तक सिमट जाता है. फिर आता है वो मोड़, जब मान शहर के चमक-दमक और कूल क्राउड के लिए एक भव्य पार्टी रखने का फैसला करता है. नए साल की इस रात में जब महफिल जमती है, तो धीरे-धीरे परतें खुलती हैं कि आखिर ये पार्टी क्यों रखी गई, अंदर क्या-क्या कांड होते हैं और कैसे एक रात इन सबकी जिंदगी का रुख बदल देती है. ये जानने के लिए आपको थिएटर में जाकर पार्टी एनिमल देखनी होगी.
कैसी है फिल्म?
पूरी फिल्म में युवा एनर्जी और मस्ती का तड़का डालने की कोशिश तो पूरी की है, लेकिन आगे बढ़ते-बढ़ते कहानी इतनी बिखरती है कि लगता है जैसे एक ही बारात में अलग-अलग मोहल्लों के लोग बिना बुलाए घुस आए हों.
निर्देशन और तकनीकी पहलू
निर्देशक रवि छाबड़िया की ये दूसरी फिल्म है, और शुरुआत देखकर लगता है कि गाड़ी सही ट्रैक पर दौड़ेगी. पहले हिस्से में कुछ पल ऐसे आते हैं जो हल्का-फुल्का मनोरंजन करते हैं और माहौल बनाते हैं. लेकिन जैसे-जैसे फिल्म आगे बढ़ती है, लगाम ढीली पड़ती दिखती है. जिस तरह से एक ‘पार्टी’ में देर रात तक लोग बहकने लगते हैं, उसी तरह फिल्म की पटकथा भी अपने रास्ते से भटकती नजर आती है. कई सीक्वेंस ऐसे लगते हैं मानो जबरदस्ती खींचे गए हों, ताकि रनटाइम पूरा हो सके.
तकनीकी मोर्चे पर देखें तो करण तंवर की सिनेमैटोग्राफी पार्टी के माहौल और चमक-दमक को ठीक-ठाक पकड़ती है, और कुछ जगहों पर बैकग्राउंड स्कोर भी सीन को सहारा देता है. गाने और रीमिक्स का तड़का भी लगाया गया है, जो कुछ पलों में पैर थिरकाने का मौका तो देता है, लेकिन फिल्म खत्म होते-होते बहुत ज्यादा याद नहीं रह पाता. एडिटिंग में थोड़ी और कसावट होती तो कई बोरिंग हिस्सों की छुट्टी की जा सकती थी. कुल मिलाकर, फिल्म में मेहनत दिखती जरूर है, लेकिन वह मेहनत टुकड़ों में बंटी हुई लगती है—कहीं थोड़ी चमक, तो कहीं पूरा सन्नाटा.
ये भी पढ़ें- TV9 Recommendation: गोंधल की चर्चा के बीच मराठी सिनेमा का असली जादू देखना है? OTT पर ये 5 मास्टरपीस मिस न करें
एक्टिंग
फिल्म में एक्टिंग की बात करें तो यहां मिली-जुली तस्वीर देखने को मिलती है. अर्जुन तंवर अपने किरदार में ठीक-ठाक और सधे हुए नजर आते हैं, लेकिन कमजोर लिखावट के बावजूद उन्होंने अपने हिस्से को संभालने की ईमानदार कोशिश की है, जिससे लगता है कि उनमें आगे बढ़ने की गुंजाइश है. दूसरी तरफ, विराज घेलानी को देखकर साफ लगता है कि सोशल मीडिया की छोटी रील्स में दर्शकों को हंसाना और पूरे ढाई घंटे बड़े पर्दे पर कहानी को थामे रखना दो अलग दुनिया हैं. कुछ जगहों पर उनका सहज अंदाज अच्छा लगता है, लेकिन कई मौकों पर वह अपने जाने-पहचाने सोशल मीडिया वाले ढर्रे से बाहर नहीं निकल पाते, जिससे किरदार में गहराई की कमी खलती है. साकिब ने भी अपने किरदार को न्याय देने की पूरी कोशिश की है. प्रगति नागपाल और बाकी युवा कलाकारों ने अपने-अपने हिस्सों में ठीक-ठाक काम किया है, हालांकि कुछ जगहों पर अभिनय थोड़ा एक जैसा लगने लगता है.
सबसे ज्यादा अफसोस तब होता है जब कमलेश सावंत, समीर सोनी, विजय पाटकर, सुरेश मेनन और बृजेंद्र काला जैसे मंझे हुए कलाकारों को देखते हैं. ये वे चेहरे हैं जो किसी भी कमजोर सीन में जान फूंकने का हुनर रखते हैं, लेकिन यहां स्क्रिप्ट ने उनके हाथ बांध दिए हैं. उनकी मौजूदगी फिल्म को थोड़ा सहारा जरूर देती है, पर वे भी पूरी नैया पार नहीं लगा पाते.
ये भी पढ़ें- बॉलीवुड के वो 11 सितारे, जिनपर मंडरा रहा खतरा? मिल चुकी है धमकी, 4 पर तो हमले भी हुए
देखें या नहीं?
‘पार्टी एनिमल्स’ उस मेहमान की तरह है जो बड़े जोश से घर तो बुलाता है, लेकिन नाश्ते के नाम पर सिर्फ नमकीन के दो दाने थमा देता है. अगर आप कोई तीखी, कसी हुई या बेहद मजेदार कॉमेडी की उम्मीद लेकर जा रहे हैं, तो यह फिल्म आपको निराश कर सकती है. बीच-बीच में कुछ छोटे-मोटे पल जरूर ध्यान खींचते हैं, लेकिन कमजोर पटकथा और बिखरी हुई रफ्तार फिल्म का मजा किरकिरा कर देती है. अगर आपके पास खाली वक्त है और आप बिना ज्यादा दिमाग लगाए, हल्की-फुल्की टाइमपास फिल्म देखना चाहते हैं, तभी इसके बारे में सोचें.

