Ramayana Box Office Collection Day 15: रणबीर कपूर की रामायण फिल्म सिनेमाघरों में काफी पसंद की गई. रिलीज के 2 हफ्ते इस फिल्म ने दुनियाभर में गजब का कलेक्शन किया. 8-9 दिन तो ऐसे रहे जब इस फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का रहा. लेकिन अब इसकी कमाई में भारी गिरावट देखने को मिल रही है. फिल्म का ये शॉकिंग डिकलाइन फिल्म के भविष्य के लिए बहुत अच्छा नहीं है. रणबीर कपूर की इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड कलेक्शन के तौर पर यूं तो बहुत शानदार कलेक्शन किया है. लेकिन अब इसकी कमाई किसी अलर्ट मोड सी लग रही है.

अभी भी फिल्म को 2000 करोड़ के करिश्माई आंकड़े को पार करने के लिए अच्छी खासी कमाई करनी है. ऐसे में आइए जानते हैं कि फिल्म के 2000 करोड़ रुपये के कलेक्शन को पार करने की संभावना कैसी है. क्योंकि आने वाले समय में अब अन्य बड़ी फिल्मों की रिलीज के साथ ही इसके कलेक्शन में वैसी भी गिरावट देखने को मिलेगी. लेकिन मौजूदा समय में अचानक आई ये गिरावट अच्छा संकेत नहीं है.

रामायण ने कितने कमा लिए?

रणबीर कपूर की फिल्म रामायण सिनेमाघरों में काफी अच्छा कलेक्शन कर रही है. इस फिल्म ने रिलीज के 15 दिन पूरे कर लिए हैं. इन 15 दिनों में फिल्म ने अपनी कमाई से चौंका दिया है. लेकिन पिछले 2 दिनों से तो इसका हाल बेहाल नजर आ रहा है. 15वें दिन पहली बार ऐसा देखने को मिला है कि इस मूवी की कमाई 20 करोड़ से कम गई हो. रिलीज के 15वें दिन नेट कलेक्शन के मामले में रामायण ने 19.35 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. वहीं इसका ग्रॉस कलेक्शन 23.10 करोड़ रुपये का रहा है. विदेश से इस फिल्म ने 15वें दिन 5 करोड़ कमाए हैं. ऐसे में फिल्म का 15वें दिन का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 28.10 करोड़ रुपये का रहा है.

फिल्म ने अब तक नेट कलेक्शन के मामले में 863.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. वहीं दूसरी तरफ ग्रॉस कलेक्शन के मामले में फिल्म ने 1032.15 करोड़ कमा लिए हैं. फिल्म का अब तक का ओवरसीज कलेक्शन 515 करोड़ रुपये का हो गया है. इसे मिला लिया जाए तो फिल्म का अब तक का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1547.15 करोड़ रुपये का हो चुका है.

ये भी पढ़ें- TV9 Recommendation: गोंधल की चर्चा के बीच मराठी सिनेमा का असली जादू देखना है? OTT पर ये 5 मास्टरपीस मिस न करें

क्या पिछले 2 दिन में बदल गया 2000 करोड़ का समीकरण?

रामायण फिल्म के पहले पार्ट का अनुमानित बजट 2000 करोड़ का माना जा रहा है. ऐसे में इस फिल्म के लिए तो 2000 करोड़ से ज्यादा की कमाई करना अनिवार्य है. फिल्म ने रिलीज के 13 दिनों में तो अलग माहौल बना दिया था. लेकिन इसके बाद पिछले दो दिनों में फिल्म की कमाई में भारी गिरावट को अनदेखा नहीं किया जा सकता है. कहां फिल्म कुछ दिन पहले 100 करोड़ की एवरेज से कमाई कर रही थी. लेकिन पिछले 2 दिनों में सारा समीकरण ही बदल गया है. इस वीकेंड में फिल्म का कलेक्शन बताएगा कि अब आगे बॉक्स ऑफिस पर इसकी दिशा कैसी होगी.

अगर वीकेंड में अच्छी कमाई कर के भी फिल्म वीकडेज में इससे भी ज्यादा डाउन हो जाती है तब तो इसके लिए 2100-2200 करोड़ कमा पाना बहुत मुश्किल हो जाएगा. और कम से कम इतने कलेक्शन की तो इस फिल्म को जरूरत है ही. फिल्म की कमाई निश्चित ही कम नहीं है. लेकिन बजट के हिसाब से इस फिल्म का कलेक्शन आगे कैसा रहता है ये काफी मायने रखेगा.