सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम एक बार फिर विवादों में घिर गया है. मेटा के स्वामित्व वाले इंस्टाग्राम ने मुंबई में होने वाली ‘वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस-2026’ के प्रचार से जुड़ा एक वीडियो अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिया है. इस कार्रवाई से आयोजन समिति के सदस्यों में नाराजगी है. संगठन ने इंस्टाग्राम पर हिंदू-विरोधी रवैया अपनाने और हिंदू संगठनों से जुड़ी सामग्री को निशाना बनाने का आरोप लगाया है.

आयोजन समिति के सचिव स्वदेश खेतावत के मुताबिक, 18 से 20 दिसंबर 2026 तक मुंबई में वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस का आयोजन हो रहा है. हटाए गए वीडियो में हिंदू युवाओं से इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने की अपील की गई थी. इसके अलावा, वीडियो में पिछले आयोजन में शामिल हुए एक प्रतिभागी ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं से आगामी सम्मेलन में हिस्सा लेने का आह्वान किया था.

पहले भी हटाए मुख्यमंत्री फडणवीस के वीडियो

आयोजन समिति के सचिव स्वदेश खेतावत ने बताया कि यह पहला मामला नहीं है, जब इंस्टाग्राम ने हिंदू संगठनों या उनसे जुड़े कार्यक्रमों के प्रचार वीडियो हटाए हैं. इससे कुछ दिन पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के प्रचार से जुड़े दो वीडियो भी इंस्टाग्राम ने अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिए थे.

इस मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई थी और संबंधित अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग की गई थी. इसके बाद इंस्टाग्राम ने मुख्यमंत्री से जुड़े वीडियो बहाल तो कर दिए, लेकिन उन्हें हटाने के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं किया और न ही कोई माफी मांगी.

CM फडणवीससे प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात

इंस्टाग्राम की ओर से वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस से जुड़े प्रचार वीडियो को बार-बार हटाए जाने के विरोध में संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को औपचारिक ज्ञापन सौंपकर इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की.

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर मुंबई में मेटा के प्रतिनिधियों को तलब किया जाए और उनसे वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस-2026 के प्रचार वीडियो बार-बार हटाए जाने के संबंध में औपचारिक स्पष्टीकरण मांगा जाए.

हिंदू सम्मेलन के प्रभाव को कम करने की कोशिश

स्वदेश खेतावत ने आरोप लगाया कि वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस से जुड़ी सामग्री को बार-बार हटाना, उसके प्रचार-प्रसार में बाधा डालना और वैश्विक हिंदू नेतृत्व सम्मेलन के प्रभाव को कम करने की कोशिश करना किसी सोची-समझी साजिश का हिस्सा प्रतीत होता है. उन्होंने कहा कि संगठन इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहा है और उचित माध्यमों से इसके खिलाफ कार्रवाई करेगा.

गौरतलब है कि वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस-2026 का आयोजन 18 से 20 दिसंबर तक मुंबई में प्रस्तावित है. अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप की मांग के बाद मेटा की ओर से इस पूरे मामले में क्या स्पष्टीकरण दिया जाता है.