जम्मू-कश्मीर में जन्मतिथि में कथित हेरफेर कर करीब 9 साल तक सरकारी नौकरी करने के मामला सामने आया है. आरोपी जल शक्ति विभाग के पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग (PHE) डिपार्टमेंट में असिस्टेंट लाइनमैन के पद पर तैनात था. वह अवैध रूप से 2016 के बजाय 2025 तक सरकारी नौकरी करता रहा. अब पुलिस ने आरोपीरिटायर्ड कर्मचारी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है.
जानकारी के मुताबिक, आरोपी रिटायर्ड कर्मचारी का नाम गुलाम रसूल बताया जा रहा है. वह जम्मू संभाग के भलवाल तहसील के कोट पटोली का रहने वाला है. इसी साल जम्मू-कश्मीर पुलिस की क्राइम ब्रांच की स्पेशल क्राइम विंग ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया था. वहीं, अब जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से आरोपी के खिलाफ जम्मू में स्थित फॉरेस्ट कोर्ट में चार्जशीट दायर की गई है.
स्कूल के रिकॉर्ड में जन्मतिथि 1956, बताई 1965
आरोपी पूर्व PHE गुलाम रसूल जल शक्ति विभाग के बख्शी नगर सब-डिवीजन में तैनात था. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी की वास्तविक जन्मतिथि 15 मई 1956 थी. यह उसके 10वीं के स्कूल रिकॉर्ड और प्रमाणपत्र में दर्ज था. आरोप है कि उसने स्कूल के रिकॉर्ड को छिपाकर उम्र निर्धारण बोर्ड की ऐसी रिपोर्ट हासिल की, जिसमें उसकी जन्मतिथि 7 जून 1965 बताई गई थी.
गुलाम रसूल पर जन्मतिथि में हेराफेरी कर अपनी सेवा को लगभग नौ साल तक बढ़ाने का आरोप है. इसके कारण आरोपी 2016 में रिटायर होने के बजाय 30 जून 2025 तक सरकारी सेवा में बना रहा. इस तरह उसने करीब 9 साल ज्यादा नौकरी की, और इस दौरान वह पहले की तरह वेतन लेता रहा. पुलिस ने इसे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचाने का मामला बताया है.
लोगों से इस तरह के धोखाधड़ी से बचने की की अपील
स्पेशल क्राइम विंग के SSP संजय परिहार ने लोगों से फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है. SSP संजय परिहार ने इसके लेकर सख्त चेतावनी भी दी है. उनका कहना है कि नौकरी, पेंशन या दूसरे फायदे पाने के लिए जन्मतिथि, पढ़ाई-लिखाई, रहने की जगह या दूसरे रिकॉर्ड में गलत जानकारी देना क्रिमिनल ऑफेंस है और इसके लिए सालों बाद भी केस हो सकता है.

