आज 19 नवंबर को इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती है. वह देश की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं. प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर इंदिरा गांधी को याद किया. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि दी.
पीएम मोदी ने पोस्ट में लिखा, ‘पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि.’
शक्ति स्थल पहुंचे सोनिया-खरगे
19 नवंबर की सुबह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शक्ति स्थल पहुंचकर इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि दी. खरगे और सोनिया ने इंदिरा गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित किए.
खरगे ने सोशल मीडिया साइट पर पोस्ट कर भी इंदिरा गांधी को याद किया. उन्होंने लिखा, ‘अदम्य साहस, संघर्ष और सशक्त नेतृत्व की प्रतीक, भारत की लौह महिला एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती पर शत-शत नमन. देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए उन्होंने अपना जीवन न्योछावर कर दिया. राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण, योगदान, दृढ़ इच्छाशक्ति और निर्णायक नेतृत्व सदैव हमारी प्रेरणा बना रहेगा.’
प्रियंका का भावुक पोस्ट
खरगे के अलावा प्रियंका गांधी ने भी इंदिरा गांधी की जयंती पर भावुक पोस्ट शेयर किया. प्रियंका ने इंदिरा गांधी के साथ अपनी बचपन की तस्वीर साझा की. इस तस्वीर के साथ प्रियंका ने लिखा, ‘जन्मदिन मुबारक हो, शेरनी! आपके जैसी दूसरी कोई कभी नहीं होगी.’
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने अपनी अपने एक्स हैंडल पर इंदिरा गांधी की जयंती पर पोस्ट किया. कांग्रेस ने लिखा कि एक ऐसी महान नेता, जिनका साहस, दूरदृष्टि और भारत की संप्रभुता तथा आत्मनिर्भरता के प्रति समर्पण आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करता है. उनकी शक्ति और सेवा की विरासत हमारे देश के दिलों में हमेशा बसी रहेगी.
4 साल की उम्र में पिता को जेल जाते देखा
इंदिरा ने चार साल की उम्र में अपने दादा मोतीलाल नेहरू और पिता जवाहरलाल नेहरू को पहली बार जेल जाते देखा. विदेशी सामान के बहिष्कार का असर भी बचपन में ही दिखा. करीब पांच साल की उम्र में उन्होंने अपनी प्यारी विदेशी गुड़िया को जला दिया था.
1924 तक महात्मा गांधी का चरखा आंदोलन का प्रतीक बन चुका था. इंदिरा गांधी ने भी अपना चरखा ले लिया और बच्चों के लिए बाल चरखा संघ बनाया. यह गांधी चरखा संघ की बच्चों की शाखा थी. इसमें छोटे बच्चे सूत कातना और बुनाई सीखते थे. अपने एक भाषण में इंदिरा ने खुद बताया था कि उस वक्त चरखे नहीं, तकली इस्तेमाल होती थी. इसके बाद वानर सेना बनाई.

