Avengers Doomsday Advance Booking: 2026 में अबतक कई बड़ी और छोटी फिल्में रिलीज हो चुकी हैं, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर खूब धमाल मचाया है. अब बचे हुए वक्त में भी कई सुपरस्टार्स की एंट्री होने वाली हैं, जिनमें शाहरुख खान और सलमान खान शामिल हैं. लेकिन अब कई हॉलीवुड फिल्में भी भारत में बड़ी रिलीज की तैयारी कर चुकी हैं. इस साल जितनी हॉलीवुड फिल्में भारत में रिलीज हुई हैं, उन्हें लोगों का शानदार रिस्पॉन्स मिला है. अब बारी है ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ की, जिसे लेकर तगड़ा बज क्रिएट हो गया है. फिल्म भारत में 17 दिसंबर को रिलीज होगी. लेकिन उससे पहले ही एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है, जिसमें फिल्म ने पहले ही रिकॉर्डतोड़ कमाई कर ली है. अबतक 34.3 करोड़ छाप लिए गए हैं.

फाइनली सैकनिल्क की रिपोर्ट भी सामने आ गई है. जिसके मुताबिक, रिलीज से 28 दिन पहले ही ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ की एडवांस बुकिंग ने बड़ा आंकड़ा छू लिया है. शुरुआती चार दिनों की बुकिंग में फिल्म ने देशभर में कुल 34.34 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. अब तक कुल 5.26 लाख टिकट बिक चुके हैं, जो कि ब्लॉक सीट्स के साथ हैं. वहीं, बिना ब्लॉक सीट्स के साथ अबतक टोटल 4.43 लाख टिकट बिके हैं. देशभर में 5,685 शो के लिए बुकिंग खुली है.

किस भाषा में फिल्म ने कितने कमाए?

दरअसल भाषा के हिसाब से देखें तो इंग्लिश वर्जन का दबदबा सबसे ज्यादा है. कुल एडवांस कमाई का करीब 85 परसेंट हिस्सा इंग्लिश से आया है. जिसने 29.13 करोड़ रुपये जुटाए हैं. इसके बाद हिंदी वर्जन से 4.08 करोड़ रुपये और तमिल वर्जन से 99.71 लाख रुपये की बुकिंग हुई है. प्रीमियम फॉर्मेट जैसे IMAX और 4DX में भी दर्शकों की अच्छी दिलचस्पी दिख रही है. जिनकी हिस्सेदारी कुल कमाई में करीब 8 परसेंट है.

वहीं, राज्यों और शहरों की बात करें तो महाराष्ट्र सबसे आगे है, जहां से 8.81 करोड़ रुपये की बुकिंग हुई है. दिल्ली 5.78 करोड़ रुपये के साथ दूसरे और कर्नाटक 3.86 करोड़ रुपये के साथ तीसरे नंबर पर है. शहरों में मुंबई 6.76 करोड़ रुपये के साथ सबसे आगे चल रहा है. जिसके बाद दिल्ली-एनसीआर और बेंगलुरु का नंबर आता है. रिलीज में अभी करीब चार हफ्ते बाकी हैं, ऐसे में ट्रेड एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि फिल्म की बुकिंग आने वाले दिनों में और तेज होगी.