बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात अकवान का असर राज्य के मौसम पर भी पड़ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान अकवान बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी और उससे सटे पश्चिम मध्य हिस्से में सक्रिय है. आज 19 नवंबर को इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से उठ रहा भयंकर चक्रवाती तूफान 'अकवान' गुरुवार दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश (नरसापुर) और दक्षिणी ओडिशा (पुरी) के समुद्री तटों से टकरा सकता है. इस दौरान 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बेहद तेज हवाएं चलने की संभावना है.
तीन ट्रेनों के समय में बदलाव
तूफान के खतरे को देखते हुए रेलवे ने गुरुवार 19 नवंबर की तीन ट्रेनों के चलने का समय बदल दिया है. चर्लापल्ली-शालीमार ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस (18046): यह ट्रेन सुबह 8:40 बजे की जगह अब दोपहर 3:40 बजे रवाना होगी. सिकंदराबाद-हावड़ा फलकनुमा एक्सप्रेस (12704): यह ट्रेन दोपहर 3:55 बजे की जगह अब शाम 5:55 बजे चलेगी. इसके अलावा एसएमवीटी बेंगलुरु-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (15227): यह ट्रेन रात 12:30 बजे की जगह अब सुबह 8:30 बजे रवाना होगी. इन तीनों ट्रेनों के टाइम में तूफान को देखते हुए बदलाव किया गया है.
स्कूल बंद
ओडिशा सरकार ने सुरक्षा के लिहाज से राज्य के 6 जिलों में 19 से 21 नवंबर तक सभी सरकारी, प्राइवेट स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने का आदेश दिया है.
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बताया कि राज्य के 13 जिलों में भारी बारिश को लेकर 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है. भारतीय नौसेना और प्रशासन की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. दक्षिणी ओडिशा और तटीय इलाकों में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है. मलकानगिरी, कोरापुट, रायगढ़ा और कालाहांडी समेत कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है. बालासोर तक के तटीय क्षेत्रों में भी मौसम खराब रह सकता है.
ये भी पढ़ें: 'इजरायल से भारत की दोस्ती अपनी जगह, लेकिन...' राहुल गांधी का अमेरिका में बड़ा बयान

